क्यों आज भी भगवान राम का इंतजार कर रही हैं माता वैष्णो देवी? जानने के लिए देखें Jai Mata Vaishno Devi Ki

मुंबई। रामानंद सागर की रामायण भारतीय टेलीविजन के इतिहास के सबसे सफल धारावाहिकों में शामिल है। आज भी इस पौराणिक शो की चाहत कम नहीं हुई है। अब एक बार फिर रामायण के निर्माता दूरदर्शन नेशनल पर नया पौराणिक शो लेकर आये हैं, जिसमें माता वैष्णो देवी की लीलाओं को दिखाया जा रहा है।

शारदीय नवरात्रि पर्व की शुरुआत 3 अक्टूबर से हो गई है। देशभर में माता के भक्त श्रद्धा भाव से त्योहार को मना रहे हैं। नवरात्रि के दिनों में माता वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना करने की विशेष परम्परा रही है। लाखों भक्त उनके दर्शन करने भी जाते हैं।

कितने बजे प्रसारित होता है धारावाहिक?

इस बीच दूरदर्शन पर नये शो जय माता वैष्णो देवी की का प्रसारण 2 अक्टूबर से शुरू हुआ है। 11 एपिसोड्स के इस धारावाहिक में भगवान राम और माता वैष्णो देवी की पावन कथा को भी दिखाया जाएगा। कहा जाता है कि माता वैष्णो देवी आज भी भगवान राम की प्रतीक्षा कर रही हैं। शो सागर वर्ल्ड मल्टीमीडिया और एरिका सिनेवर्क्स ने प्रोड्यूस किया है।

यह भी पढ़ें: TV Serial: एक बार फिर छोटे पर्दे पर आ रहे चक्रवर्ती सम्राट Prithviraj Chauhan, इस चैनल ने किया नये शो का एलान

दूरदर्शन पर यह शो सुबह से लेकर रात तक 4 बार प्रसारित किया जा रहा है। पहला प्राइम टेलीकास्ट सुबह 7 बजे, जबकि दूसरा रात 10.30 बजे होगा। दिन में 12 बजे और शाम को 7.30 बजे रिपीट टेलीकास्ट देखा जा सकता है।

क्या है जय माता वैष्णो देवी की कथा?

जय मां वैष्णो देवी की की कहानी जाने-माने पत्रकार सूरज सराफ की किताब वैष्णो देवी-जम्मू से प्रेरित है। इसमें मां वैष्णो देवी की रत्नागिरि से त्रिकूट पर्वत तक की यात्रा को कवर किया गया है, जहां माता आज भी भगवान राम के कल्कि अवतार की प्रतीक्षा कर रही हैं।

शो का निर्देशन धर्मेश शाह ने किया है। शो की शूटिंग गुजरात, महाराष्ट्र, जम्मू एंड कश्मीर और वृंदावन में की गई है। खास बात यह है कि पूरा शो कोविड महामारी के बाद महज 50 दिनों में शूट किया गया है।

शो का स्क्रीनप्ले रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने लिखा है, जो शो के क्रिएटव डायरेक्टर भी हैं। इसके बाद शिव सागर निर्मित शो काकभुशुंडी रामायण अगले महीने से डीडी नेशनल पर आएगा।