The Great Indian Kapil Show 2 Review: कपूर खानदान की बलिहारी कपिल का शो, ‘बहू’ आलिया भट्ट के साथ उठा दूसरे सीजन का पर्दा

मुंबई। कपिल शर्मा के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो के दूसरे सीजन का पर्दा नेटफ्लिक्स पर शनिवार को उठ गया। पहले सीजन के लगभग छह महीने बाद दूसरा सीजन आया है। सीजन-1 में 13 एपिसोड्स थे। शो खत्म हुआ तो ऐसी खबरें आईं कि मनमाफिक कामयाबी ना मिलने की वजह से शायद दूसरा सीजन आ आए, मगर जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई, जिससे अफवाहों को विराम मिला।

स्टैंड अप कॉमेडी शोज में कॉम्पीट करने से अपने नाम का शो शुरू करने तक कपिल शर्मा ने वाकई उल्लेखनीय प्रगति की है, मगर क्या उनके शोज के कॉन्सेप्ट्स और लेखन में भी कोई प्रगति हुई है तो इसका जवाब है- नहीं। कपिल का शो टीवी से निकलकर ओटीटी पर जरूर आ गया है, मगर कंटेंट के मामले में यह भी पुरानी परम्पराओं को ढोता नजर आता है। चाहे जोक्स हों या किरदार। शो की थीम के हिसाब से किरदारों के नाम और सेट्स बदल जाते हैं, मगर खांचा वही रहता है।

यह भी पढ़ें: OTT Releases This Week: स्त्री 2, लव सितारा, ताजा खबर 2… इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज

उद्घाटन का जिम्मा कपूर खानदान के नाम

अगर, द ग्रेट इंडियन कपिल शो के पहले सीजन और दूसरे सीजन के पहले एपिसोड्स की तुलना करें तो कपिल का शो अभी भी कपूर खानदान की बलिहारी ही है। पहले सीजन के ओपनिंग एपिसोड में रणबीर कपूर, नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर मेहमान बने थे तो दूसरे सीजन का पर्दा कपूर खानदान की बहू आलिया भट्ट ने अपने गॉडफादर करण जौहर के साथ उठाया। खाली सोफों को भरने के लिए जिगरा में आलिया के को-एक्टर वेदांग रैना और निर्देशक वासन बाला आ गये।

शो की शुरुआत वैसे ही हुई। कपिल ने आकर इंट्रोड्यूस किया। सामने अर्चना पूरन सिंह दर्शकों के बीच बैठी हुई थीं। कपिल ने कुछ मसलों पर टिप्पणी करते हुए जोक मारे। बस कुछ तकनीकी करामात जोड़ी गई है। कपिल के जोक्स के विजुअल रिप्रेजेंटेशन के लिए बीच में इंडिया गेट को प्रोजेक्शन के जरिए दिखाया गया। कपिल का एक अवतार भी प्रोजेक्शन के जरिए आया।

रणबीर की एक्स बनकर आये सुनील ग्रोवर

पिछले सीजन के पहले एपिसोड से दूसरे सीजन के ओपनिंग एपिसोड का सिरा रणबीर कपूर के जरिए जोड़ा गया। शो की शुरुआत में सुनील ग्रोवर डफली बनकर आये, जिन्हें कपिल ने रणबीर की एक्स के रूप में परिचित करवाया और पिछले सीजन के दोनों के कुछ रूमानी दृश्यों को आलिया के सामने पेश किया गया।

ये दृश्य पूरी तरह सुनील ग्रोवर के नाम रहे। ऐसे किरदारों को पेश करने में वो जो बारीकियां अपनाते हैं, वो वाकई उनके बेहतरीन कलाकार होने की निशानी है। संवाद अदायगी और टाइमिंग इसमें चार चांद लगाते हैं। कुछ नया ना लगने पर भी हंसी लाने में वो कामयाब रहते हैं।

पुराने गेमों के सहारे पहला एपिसोड

कानों को ढककर वाक्य पहचानने वाला पुराना खेल अगले सेगमेंट में आया, जिसमें करण, आलिया, वेदांग और वासन ने भाग लिया। हालांकि, इस सेगमेंट का लेखन कमजोर रहा और जबरन हंसने का मन नहीं किया। आलिया ऐसे खेलों में कमजोर कड़ी रहती हैं। वो खुलकर नहीं खेलतीं, जैसे संकोच कर रही हों।

सेलिब्रिटीज की सोशल मीडिया पोस्ट पर मजाकिया कमेंट पढ़ने का सिलसिला भी जारी रहा। ये सेगमेंट मजेदार है। इसमें जो कमेंट छांटे गये, वो ह्यूमरस थे। हालांकि, अप्रिय कमेंट्स को ब्लर कर दिया जाता है। करण इसको लेकर टिप्पणी भी करते हैं।

डुप्लीकेट्स ने जमाया रंग

दूसरे सीजन के पहले एपिसोड का सबसे मजेदार सेगमेंट आलिया के डुप्लीकेट्स ही रहे। कीकू शारदा गंगूबाई काठियावाड़ी, कृष्णा अभिषेक गली ब्वॉय की सफीना और सुनील ग्रोवर शाह रुख खान के डुप्लीकेट मुकेश बनकर आये। तीनों आलिया को अपनी डुप्लीकेट एसोसिएशन में शामिल करने के लिए उनका ऑडिशन लेते हैं। इस सेगमेंट में सुनील ग्रोवर ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया।

यह भी पढ़ें: What to Watch on Netflix: ‘सेक्टर 36’ से ‘फास्ट X’ तक, सितम्बर में नेटफ्लिक्स पर देखिए ये फिल्में

बाकी सब पहले जैसा ही है। सेट में बदलाव नहीं है। बस कप्पू का कैफे अब नहीं दिखता। बीच-बीच में कपिल शर्मा की मां पर कैमरा जाता है। दूसरा सीजन पहले के मुकाबले ना अच्छा है ना खराब। ऐसा भी नहीं है कि शनिवार फनीवार बन जाएगा। हां, इतना मसाला है कि मूड फ्रेश हो जाए। एक बात और, शो में जिगरा की टीम आई जरूर, मगर फिल्म को लेकर कोई बात नहीं की गई। सम्भवत: यह प्रमोशनल स्ट्रेटजी ही है, क्योंकि फिल्म के बारे में जितना बात करेंगे, उतनी ही जानकारी बाहर निकल सकती है, जो मेकर्स नहीं चाहते होंगे।