Bagheera Release Date: दिवाली पर सिनेमाघरों में दहाड़ने के लिए तैयार बघीरा, हिंदी में Singham Again से भिड़ंत

मुंबई। कन्नड़ सिनेमा की सुपरहीरो फिल्म बघीरा की रिलीज डेट तय हो गई है। फिल्म दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी। निर्माता होम्बले फिल्म्स ने पोस्टर के साथ रिलीज डेट की जानकारी दी है। डॉक्टर सूरी निर्देशित बघीरा में श्रीमुरली लीड रोल में हैं।

दिवाली पर रिलीज होगी बघीरा

होम्बले फिल्म्स की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक बघीरा 31 अक्टूबर को दिवाली वीक में रिलीज होगी। फिल्म की स्टार कास्ट में रुक्मिणी वसंत, प्रकाश राज, रंगायन रघु, अच्युत कुमार और गरुड़ राम शामिल हैं। बघीरा की कहानी केजीएफ और सालार के निर्देशक प्रशांत नील ने लिखी है, जबकि स्क्रीनप्ले और डायलॉग डॉ. सूरी के हैं। विजय किरगंदूर ने निर्माण किया है।

यह भी पढे़ं: Devara Part 1 Trailer Reactions: क्या राम चरण की ‘आचार्य’ से प्रेरित है NTR Junior की देवरा? सोशल मीडिया यूजर का दावा

बघीरा का टीजर पिछले साल श्रीमुरली के जन्मदिन पर दिसम्बर में रिलीज किया गया था।

सिंघम अगेन और भूल भुलैया से होगी टक्कर

बघीरा पैन इंडिया फिल्म है, जिसका हिंदी पोस्टर भी जारी किया गया। फिल्म के हिंदी वर्जन को बॉक्स ऑफिस पर सिंघम अगेन और भूल भुलैया 3 से टक्कर लेनी होगी। ये दोनों ही मोस्ट अवेटेड फिल्में हैं और बॉक्स ऑफिस पर बड़ा खेल कर सकती हैं।

रोहित शेट्टी निर्देशित सिंघम अगेन इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। अजय देवगन बाजीराव सिंघम के रोल में हैं, जबकि दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। अक्षय कुमार और रणवीर सिंह सूर्यवंशी और सिम्बा के किरदारों में कैमियो कर रहे हैं।

हॉरर कॉमेडी भूल भुलैया 3, इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जिसमें कार्तिक आर्यन लीड रोल में हैं। इसका निर्देशन अनीस बज्मी ने किया है। भूल भुलैया फ्रेंचाइजी की शुरुआत अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने की थी। भूल भुलैया 2 में कार्तिक ने अक्षय को रिप्लेस कर दिया। फिल्म में कियारा आडवाणी फीमेल लीड थीं, जबकि तब्बू एक खास किरदार में नजर आई थीं।