मुंबई। Anurag Kashyap In Dacoit: बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अनुराग कश्यप अपनी निर्देशकीय पारी को विराम देकर फिलहाल अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हो गये हैं। अनुराग पहले भी फिल्मों में किरदार निभाते रहे हैं, मगर इस वक्त बैक-टू-बैक फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने अपने अभिनय की इस पारी के लिए दक्षिण भारतीय फिल्मों को चुना है, जहां वो तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा की फिल्मों में किरदार निभा रहे हैं।
क्या है अनुराग का किरदार?
अनुराग की ताजा फिल्म है डकैत- एक प्रेम कथा। इस तेलुगु फिल्म में अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में हैं। अनुराग फिल्म में स्वामी नाम के पुलिस अफसर का रोल निभा रहे हैं। उनके किरदार का फर्स्ट लुक शुक्रवार को जारी किया गया। अनुराग का यह तेलुगु डेब्यू भी है।
स्वामी एक बेखौफ, शातिर दिमाग और मजाकिया इंस्पेक्टर है, जो अफराध के लिए जीरो टॉलरेंस रखता है। वो अयप्पा का परम भक्त है। शैनिल देव निर्देशित डकैत तेलुगु के साथ हिंदी में भी बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: Hera Pheri 3 में प्रियदर्शन की वापसी! अक्षय कुमार-सुनील शेट्टी और परेश रावल संग फिर करेंगे हेरा फेरी
अपने किरदार को लेकर अनुराग ने कहा- “एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाना, जो अयप्पा का भक्त है, मजेदार और चुनौतीपूर्ण है। कर्तव्य बनाम धर्म की पहेली और ड्राई ह्यूमर के साथ अपना काम करना शानदार है। मैं वास्तव में दो भाषाओं में इस किरदार को निभाने को ले कर उत्सुक हूं। मैं हिंदी के साथ-साथ तेलुगु में भी शूटिंग करूंगा। दोनों भाषाओं में एक जैसा प्रभाव ला पाना चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे मैं पूरी तरह से एन्जॉय कर रहा हूं।”
क्या है डकैत की कहानी?
डकैत, मुख्य रूप से एक गुस्सैल क्रिमिनल की कहानी है, जो अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेने की कोशिश में जुटा है। उसे फंसाने के लिए एक खतरनाक प्लान बनाता है। फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में चल रही है। इसके बाद महाराष्ट्र में भी एक शेड्यूल है।
दक्षिण में अनुराग का सफर
अनुराग ने 2018 में आई तमिल फिल्म इमाइक्का नोडिगल फिल्म से दक्षिण भारतीय फिल्मों में सफर शुरू किया था। इस फिल्म में उन्होंने एसीपी मार्टिन रॉय का किरदार निभाया था। इसके बाद अनुराग ने लम्बा ब्रेक किया और 2024 की तमिल फिल्म महाराजा से फिर साउथ लौट गये।
इस फिल्म में विजय सेतुपति के साथ अनुराग के अभिनय की खूब तारीफ हुई। उन्होंने नकारात्मक किरदार निभाया था। इसके बाद वो विदुथलाई पार्ट 2 में नक्सल लीडर के रोल में नजर आये। पिछले साल ही अनुराग ने राइफल क्लब से मलयालम सिनेमा में डेब्यू किया। अनुराग बतौर प्रोड्यूसर भी दक्षिण भारतीय फिल्मों से जुड़े हुए हैं।