India’s Got Latent: समय रैना ने अपने यू-ट्यूब चैनल से हटाये शो के सारे वीडियो, अपूर्वा मखीजा ने पुलिस को दिया स्टेटमेंट

Police interrogates Apoorva and others. Photo- Instagram

मुंबई। India’s Got Latent: स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट में रणवीर इलाहाबादिया के कमेंट ने ऐसा बवाल मचाया कि शो पर ही ताला पड़ गया। बढ़ते बवाल और पुलिस कार्रवाई के बीच समय ने अपने चैनल से इस शो के सारे एपिसोड्स हटा दिये हैं। उधर, पुलिस ने शो की पैनलिस्ट अपूर्वा मखीजा से पूछताछ की।

बुधवार शाम को समय ने एक्स के जरिए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा- ”इस वक्त जो कुछ भी हो रहा है, मेरे लिए उसे सम्भालना मुश्किल है। मैंने अपने चैनल से इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे वीडियो हटा दिये हैं। मैं एजेंसीज के साथ पूरा सहयोग करूंगा, ताकि उनकी जांच सही ढंग से पूरी हो। शुक्रिया।”

यह भी पढ़ें: India’s Got Latent: मुंबई साइबर सेल ने शो के खिलाफ दर्ज किया केस, महिला आयोग ने भेजा नोटिस

रणवीर इलाहाबादिया के एपिसोड वाला वीडियो यू-ट्यूब ने शिकायत होने पर पहले ही हटा दिया था।

गौरतलब है कि समय ने अपनी पोस्ट में सिर्फ वीडियोज हटाने और पुलिस के साथ सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने इसके लिए माफी नहीं मांगी है। वहीं, रणवीर इलाहाबादिया इस मामले में पहले ही माफी मांग चुके हैं। रणवीर ने एक्स पर पोस्ट के जरिए कहा था कि उनसे जजमेंट में भूल हो गई और बिना शर्त माफी मांगते हैं।

सोशल मीडिया में रणवीर का एक वीडियो भी सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें वो रोते हुए कह रहे हैं कि उनका काम बंद हो गया। इसके लिए वो खुद जिम्मेदार हैं। हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती।

यह भी पढ़ें: Ranveer Allahabadia FIR: चौतरफा घिरे यू-ट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, मुंबई के बाद दिल्ली में शिकायत, गुवाहाटी में FIR

किस बात पर मचा है इतना बवाल?

रणवीर ने शो में माता-पिता के निजी पलों को लेकर एक सवाल कंटेस्टेंट से पूछा था, जो बेहद अश्लील और आपत्तिजनक था। बाद में सामने आया कि यह सवाल भी उन्होंने एक विदेशी शो से चुराया था, जिसका वीडियो एक्स पर सर्कुलेट हो रहा है।

इंडियाज गॉट लेटेंट (India’s Got Latent) उभरते हुए स्टैंड अप कॉमेडियंस का रिएलिटी शो है, जिसमें कंटेस्टेंट्स और पैनलिस्ट एक-दूसरे को रोस्ट भी करते हैं। हालांकि, इनकी बातचीत में भाषा की कोई हद नहीं रहती। स्त्री-पुरुष के निजी अंगों से जुड़ी गालियों से लेकर सड़क छाप बातें शो में हंसाने के लिए कही जाती हैं।

इस शो में चर्चित चेहरे पैनलिस्ट बनकर आते रहे हैं। रणवीर इलाहाबादिया वाले एपिसोड में आशीष चंचलानी, अपूर्वा मखीजा और जसप्रीत सिंह भी पैनल में थे।

इससे पहले भारती सिंह, हर्ष लिम्बाचिया, राखी सावंत, दीपक कलाल भी इस शो में पैनलिस्ट बन चुके थे।

मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

अश्लीलता फैलाने के आरोप में मुबंई पुलिस की साइबर सेल ने समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा, आशीष चंचलानी और जसप्रीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साथ ही एपिसोड एक से छह तक शो में शामिल हुए लगभग 30-40 लोगों को नोटिस भेजे हैं।

बुधवार को मुंबई पुलिस ने अपूर्वा मखीजा को बुलाकर पूछताछ की। रिपोर्ट्स के अनुसार अपूर्वा ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि शो स्क्रिप्टेड नहीं है। उन्हें शामिल होने के लिए कोई पैसा नहीं दिया गया। बस शो में खुलकर बात करनी थी और भाषा की कोई बंदिश नहीं थी। रिएक्शंस बनावटी नहीं थीं।

यह भी पढ़ें: Ranveer Allahabadia: अश्लील टिप्पणी मामले में पुलिस शिकायत के बाद रणवीर इलाहाबादिया ने मांगी माफी


कथित तौर पर आशीष चंचलानी ने भी अपना स्टेटमेट दर्ज करवा दिया है। उन्होंने भी वही कहा है, जो अपूर्वा ने पुलिस को बताया। गुवाहाटी पुलिस ने भी इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।