मुंबई। Uda Hawa Mein Rang Hai Song: होली का त्योहार रंगों की बौछार, मस्ती और हुड़दंग के लिए जाना जाता है। सिनेमा में भी इस त्योहार के रंग अक्सर बिखरते रहे हैं। कभी कहानी तो कभी गानों के जरिए पर्दे पर होली के दृश्यों को उकेरा जाता रहा है।
होली के मौसम में आने वाली फिल्म ‘इन गलियों में’ का होली स्पेशल गाना उड़ा हवा में रंग है शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। होली के मिजाज में डूबा यह एक तेज रफ्तार डांस नम्बर है, जो रंगों के नशे को दोगुना कर देता है।
विवान ने जमाया डांस से रंग
गाने (Uda Hawa Mein Rang Hai Song)को नकश अजीज ने आवाज दी है। विमल कश्यप ने बोल लिखे हैं, जबकि इसे संगीत से सजाया है अरविंद सगोले ने। गाना फिल्म के लीड एक्टर विवान शाह को केंद्र में रखकर फिल्माया गया है। फिल्म की हीरोइन अवंतिका दसानी और जावेद जाफरी भी इसमें फीचर होते हैं।
यह भी पढ़ें: Sikandar Teaser Out: इंसाफ नहीं, साफ करने आया हूं… बातों और लातों के पंच लेकर लौटे सलमान खान
गाने का सबसे बड़ा आकर्षण विवान ही हैं। यह पहली बार है, जब विवान इस अंदाज में थिरकते नजर आ रहे हैं। उनके स्टेप्स गाने के मूड पर एकदम फिट बैठते हैं। होली के त्योहार का पूरा फ्लेवर इस गाने में नजर आता है।
गाने को लेकर अविनाश ने कहा कि इस फिल्म के जरिए हम एक ऐसी कहानी कहना चाहते थे, जो समसामयिक होने के साथ हमारी संस्कृति से गहरी जुड़ी है। होली ऐसा पर्व है, जो लोगों को पास लेकर आता है। उड़ा हवा में रंग प्यार, मस्ती और एकता की इस रूह को जाहिर करता है।
होली पर रिलीज होगी फिल्म
इन गलियों में समसामयिक विषय पर बनी फिल्म है, जिसमें दो समुदायों के बीच रिश्ते की डोर को दिखाया गया है। मौजूदा राजनीतिक चेतना की पृष्ठभूमि में इन गलियों में का कथ्य मायने रखता है। 14 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही फिल्म का निर्देशन अविनाश दास ने किया है।