Zindagi Song Out: विशाल मिश्रा की आवाज में Binny And Family का जिंदगी गाना रिलीज, Stree 2 का मिला सपोर्ट

मुंबई। वरुण धवन की भतीजी अंजनि धवन बिन्नी एंड फैमिली फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। फिल्म 27 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल टीम प्रमोशंस में जुटी है। इसका पहला गाना जिंदगी रिलीज कर दिया गया है। इस गाने को विशाल मिश्रा ने आवाज दी है।

गाना शुक्रवार को मुंबई में रिलीज किया गया। जिंदगी गाने को आवाज देने के साथ विशाल ने इसका संगीत भी तैयार किया है, जबकि बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। जिंदगी एक फिलॉसोफिकल सॉन्ग है, जो फिल्म की इमोशंस को दिखाता है। गाना वेटरन एक्टर पंकज कपूर और अंजनि पर फिल्माया गया है और इन दोनों के बीच दादा-पोती के प्यारभरे रिश्ते को दिखाता है।

यह भी पढ़ें: Tum Jo Mile Ho Song Out: विक्की और विद्या की लव स्टोरी का पहला गाना रिलीज, तृप्ति को रिझाते दिखे राजकुमार

इस इवेंट में स्त्री 2 के निर्देशक अमर कौशिक, लेखक नीरेन भट्ट और एक्टर अभिषेक बनर्जी बिन्नी को सपोर्ट करने पहुंचे।

बिन्नी एंड फैमिली का निर्देशन संजय त्रिपाठी ने किया है। फिल्म में पंकज और अंजनि के अलावा राजेश कुमार, चारू शंकर, हिमानी शिवपुरी, नमन त्रिपाठी अहम भूमिकाओं में दिखाई देगे। फिल्म का निर्माण महावीर जैन ने किया है। एकता कपूर, शशांक खेतान, मृगदीप सिंह लाम्बा ने इसे प्रस्तुत किया है।

बॉक्स ऑफिस पर देवरा से टक्कर

फिल्म पहले 20 सितम्बर को रिलीज होने वाली थी, मगर इसे एक हफ्ता आगे खिसका दिया गया। बिन्नी एंड फैमिली अब 27 सितम्बर को आ रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना देवरा से होगा, जिसमें एनटीआर जूनियर और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह तेलुगु फिल्म है, मगर हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज की जा रही है।

कौन हैं अंजनि धवन?

बता दें, बिन्नी यानी अंजनि धवन, वरुण के अंकल अनिल धवन की पोती हैं, इस नाते वो उनकी भतीजी हुईं। अनिल धवन अपने जमाने के चर्चित एक्टर रहे थे। उन्होंने कई फिल्मों में लीड और चरित्र किरदार निभाये थे। आयुष्मान खुराना और तब्बू की हिट फिल्म अंधाधुन में वो एक अहम किरदार में दिखाई दिये थे।