YouTuber Dhruv Rathee बने पिता, फरहान अख्तर और रिचा चड्ढा समेत बॉलीवुड सितारों ने दी बधाई

मुंबई। जाने-माने यू-ट्यूबर ध्रुव राठी ने शनिवार को खुशखबरी साझा की। ध्रुव बेटे के पिता बने हैं। यह खबर साझा करते ही ध्रुव को फरहान अख्तर और रिचा चड्ढा समेत बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने बधाई दी है। ध्रुव ने बेटे के साथ अपनी तस्वीर भी सोशल मीडिया में शेयर की है।

तस्वीर के साथ ध्रुव ने लिखा- दुनिया में अपने बेबी ब्वॉय का स्वागत कर रहा हूं। पिता बनने की खुशी ध्रुव के चेहरे पर साफ देखी जा सकती है। एक अन्य तस्वीर में यू-ट्यूबर ने बेटे की अलग फोटो साझा की है। ध्रुव की इस खुशी में कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए।

बॉलीवुड ने दी बधाई

फरहान अख्तर ने बधाई दी तो रिचा चड्ढा ने लिखा- पूरी दुनिया का प्यार आपको मिले। दीया मिर्जा ने लिखा- प्यार और आशीर्वाद। कई फैंस ने भी ध्रुव को बच्चे के जन्म की बधाई दी है और हार्ट इमोजी के जरिए प्यार लुटाया है।

जर्मनी में रहते हैं ध्रुव

29 साल के ध्रुव अपना यू-ट्यूब चैनल चलाते हैं, जिस पर वो सामयिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक टिप्पणी करते हैं। वो हरियाणा के रहने वाले हैं, मगर फिलहाल बर्लिन, जर्मनी में रहते हैं। ध्रुव की सोशल मीडिया में तगड़ी स्टैंडिंग है। उनके यू-ट्यूब चैनल के 25 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं। ध्रुव ने अपने चैनल के परिचय में लिखा है कि जटिल मामलों को वो आसान भाषा में समझाते हैं। जागरूकता और शिक्षा उनके चैनल का मकसद है।

ध्रुव ने अपने यू-ट्यूब चैनल की शुरुआत ट्रैवल वीडियोज अपलोड करके की थी, मगर बाद में वो राजनीतिक मुद्दों पर कमेंट करने लगे। उनके वीडियोज काफी वायरल होते हैं, जिन पर अक्सर सोशल मीडिया में बहस भी छिड़ती है। ध्रुव के सभी चैनल्स पर 28 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं और 4.86 बिलियन से ज्यादा व्यूज हैं।

2021 में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड जूली लबर से शादी की थी। 2023 में ध्रुव टाइम्स मैगजीन की नेक्स्ट जनरेशन लीडर्स में शामिल हुए थे।