हॉलीवुड एक्ट्रेसेज के साथ Priyanka Chopra महिलाओं को करेंगी जागरूक, Salma Hayek के चैरिटी डिनर में हुईं शामिल

मुंबई। देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अपनी साख कायम की है। फिल्मों के साथ वो सामाजिक कार्यक्रमों का हिस्सा भी बनती हैं। हाल ही में प्रियंका हॉलीवुड एक्ट्रेस सलमा हाइक के चैरिटी डिनर में शामिल हुईं, जिसका मकसद हिंसा के खिलाफ महिलाओं को जागरूक करना है। प्रियंका ने इस आयोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया में साझा की है, जिनमें वो हॉलीवुड की दिग्गज अदाकाराओं के साथ नजर आ रही हैं।

केयरिंग फॉर वुमन डिनर नाम से न्यूयॉर्क में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रियंका कॉकटेल पार्टी ड्रेस में नजर आईं, जिसमें वो बेहद खूबसूरत और कातिलाना दिख रही थीं। प्रियंका ने जो तस्वीरें शेयर की हैं उनमें वो किम करदाशियां, सलमा हाइक, जेसिका चेस्टेन, नाओमी वाट्स समेत कई नामी हॉलीवुड सेलेब्स के साथ दिख रही हैं।

प्रियंका ने बताया डिनर का मकसद

प्रियंका ने तसवीरों के साथ लिखा- केयरिंग फॉर वुमन डिनर का यह तीसरा सात था। सबसे शानदार सलमा हाइक पिनो और फ्रांस्वा हेनरी पिनो (François-Henri Pinault) का शुक्रिया, जिन्होंने इस अद्भुत आयोजन में मुझे शामिल किया।

यह डिनर इस बात की याद दिलाता है कि जब समान सोच वाले लोग किसी एक मकसद के लिए साथ आते हैं तो मिलकर कुछ अलग कर सकते हैं। महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के प्रति जागरूकता फैलाने से ज्यादा निर्णायक कदम उठाने की बात है, ताकि ऐसी दुनिया बन सके, जहां महिलाएं बेखौफ रह सकें। प्रियंका ने बताया कि डिनर से आये सभी लाभ जरूरतमंद संस्थाओं में बांटे जाएंगे।

प्रियंका की आने वाली हॉलीवुड फिल्म

प्रियंका के फिल्मी करियर की बात करें तो वो हॉलीवुड फिल्म द ब्लफ में नजर आएंगी, जिसे फ्रैंक ई फ्लॉवर्स निर्देशित कर रहे हैं। यह पीरियड फिल्म है, जिसकी कहानी 19वीं सदी में दिखाई गई है। प्रियंका पूर्व पायरेट के रोल में हैं। कार्ल अरबन, इस्मायल क्रूज प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा वेब सीरीज हेड ऑफ स्टेट में भी अहम किरदार निभा रही हैं। इस सीरीज में जॉन सीना, इदरीस एल्बा और जैक क्वेड मुख्य किरदारों में दिखेंगे।