Deepika Padukone Ranveer Singh Baby: माता-पिता बने दीपिका-रणवीर, एक्ट्रेस ने बेटी को दिया जन्म

मुंबई। बॉलीवुड से बड़ी खबर आ रही है। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह माता-पिता बन गये हैं। दीपिका ने गणेश चतुर्थी के एक दिन बाद मुंबई के एक अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है। हालांकि, इसकी अभी तक आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और पैपराजी एकाउंट्स ने सोशल मीडिया में यह दावा किया है।

रिलायंस अस्पताल में हुई डिलीवरी

पैपराजी फोटोग्राफर वीरल भयानी ने रविवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया कि रणवीर-दीपिका माता पिता बन गये हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है, जहां उन्हें शनिवार को स्पॉट किया गया था। शुक्रवार को सेलिब्रिटी कपल ने मुंबई के मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर में गणपति बप्पा के दर्शन भी किये थे। इससे पहले सोशल मीडिया में उन्होंने प्रेग्नेंसी फोटोशूट की तस्वीरें पोस्ट की थीं, जिनमें दोनों के चेहरे पर खुशी देखी जा सकती है।

यह भी पढ़ें: कौन हैं करीना कपूर खान की होने वाली भाभी आलेखा आडवाणी, जिनके साथ हुई आदर जैन की सगाई?

फैंस दे रहे बधाई

रणवीर-दीपिका ने भले ही अभी तक ऑफिशियल एनाउंसमेंट नहीं किया है, मगर सोशल मीडिया में उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। फैंस वीरल की पोस्ट पर बधाई संदेश लिख रहे हैं।

कल्कि 2898 एडी में आईं नजर

दीपिका अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। दिलचस्प इत्तेफाक यह भी है कि उनकी पिछली कल्कि 2898 एडी जून में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसमें दीपिका को एक मां की भूमिका में दिखाया गया था और फिल्म के कई हिस्सों में वो प्रेग्नेंट नजर आई थीं। वहीं, रणवीर की बात करें तो उनकी आखिरी स्क्रीन प्रेजेंस रॉकी और रानी की प्रेम कहानी है, जिसमें आलिया भट्ट उनके अपोजिट थीं।