Deepika Padukone-Ranveer Singh ने की बेटी के जन्म की आधिकारिक घोषणा, सितारों ने दी बधाई, कहा- लक्ष्मी आई है!

मुंबई। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने बेटी के जन्म की आधिकारिक घोषणा कर दी है और मीडिया रिपोर्ट्स पर मुहर लगा दी है, जिनमें कहा जा रहा था कि दीपिका और रणवीर बेटी के पिता बने हैं। दोनों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से पोस्ट शेयर की है, जिसमें वेलकम बेबी गर्ल के साथ जन्म की तारीख 8 सितम्बर, 2024 लिखी है।

सोशल मीडिया में बधाई संदेशों की झड़ी

रणवीर-दीपिका की इस पोस्ट के बाद बधाइयों का तांता लग गया है और कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने नवजात शिशु पर प्यार लुटाया है। सबसे पहले अनन्या पांडेय ने बधाई दी। श्रद्धा कपूर, कृति सेनन, इब्राहिम अली खान, प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा, अथिया शेट्टी, सुनील ग्रोवर, आलिया भट्ट, डायना पेंटी, मलायका अरोड़ा, सोफी चौधरी, सोनाक्षी सिन्हा, भूमि पेडनेकरमसाबा गुप्ता, महीप कपूर, रिया कपूर, सोनू समेत कई सितारों ने बधाई संदेश लिखने के साथ हार्ट की इमोजी बनाकर प्यार लुटाया।

अर्जुन कपूर ने लिखा- लक्ष्मी आई है। द क्वीन इज हियर। मीरा कपूर ने लिखा- वेलकम टू द बेस्ट क्लब। करीना कपूर खान ने अपनी और सैफ अली खान की तरफ से दीपिका-रणवीर को बधाई दी। सितारों के अलावा दोनों के फैंस ने भी बेटी के जन्म पर बधाई दी है।

फरवरी में की थी प्रेग्नेंसी की घोषणा

दीपिका औऱ रणवीर ने इसी साल फरवरी में प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। हालांकि, शुरुआत में दीपिका को ट्रोल भी किया गया और ट्रोल्स ने उनके बेबी बंप को नकली बताया। दीपिका प्रेग्नेंसी के दौरान खूब सक्रिय रहीं और अपनी फिल्म कल्कि 2898 एडी के प्रमोशन के साथ अपने ब्रैंड का प्रमोशन भी करती रहीं। डिलीवरी से दो दिन पहले शुक्रवार को उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर में गणपति बप्पा के दर्शन भी किये थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका ने मुंबई के एचएन रिलांयस अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है।