मुंबई। Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकी हमले से देशभर में आक्रोश है। हमले में मारे गये बेकसूर लोगों के परिजनों के लिए जहां संवेदना व्यक्त की जा रही है, वहीं आतंकवादियों की इस कायराना हरकत के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है।
बॉलीवुड से भी इस घटना पर निरंतर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सेलिब्रिटीज हमले से हैरान हैं, सदमे में हैं और गुस्से में भी है। सलमान खान, शाह रुख खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए हताहतों को इंसाफ दिलाने की मांग की है।
निर्दोषों को मारना कायनात को मारने के बराबर
सलमान ने बुधवार को एक्स पर लिखा- कश्मीर, धरती पर स्वर्ग को नर्क बना दिया है। बेकसूर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके परिवारों के लिए दिली संवेदनाएं। एक भी निर्दोष को मारना पूरी कायनात को मारने के बराबर है।
यह भी पढ़ें: Mahesh Babu ED: 100 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में आया तेलुगु स्टार महेश बाबू का नाम, ईडी ने किया तलब
Kashmir,heaven on planet earth turning into hell. Innocent people being targeted, my heart goes out to their families . Ek bhi innocent ko marna puri kainath ko marne ke barabar hai
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) April 23, 2025
शाह रुख ने एक्स पर लिखा- पहलगाम में होने वाली हिंसा और धोखाधड़ी के अमानवीय कृत्य पर गुस्सा और दुख जाहिर करने के लिए शब्द नहीं मिल रहे। ऐसे वक्त में, ईश्वर का ही सहारा होता है औ उनके परिजनों के लिए दुआ करें। उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। एक मुल्क के तौर पर, हमें एकजुट और मजबूत रहना है। लोगों को इंसाफ दिलाना है।
छुट्टी मना रहे लोगों पर हमला कायरता
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा- पहलगाम में जो भी हुआ, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। लोग वहां छुट्टियां मनाने गये थे। हनीमून मना रहे थे। परिवार के साथ अच्छा समय बिता रहे थे।
कश्मीर की खूबसूरती का लुत्फ उठा रहे थे।
इतनी जानें एक ऐसे तूफान की चपेट में आ गईं, जिसकी उन्होंने कभी चाह नहीं की थी। अपनों के सामने ही उन्हें मार दिया गया। यह ऐसा दुख नहीं है, जिसे भुलाया जा सके। इस जघन्य अपराध से इंसानियत को हिल जाना चाहिए।
जो लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं, मेरी सारी संवेदनाएं उनके साथ हैं। यह बहुत पीड़ादायक है।
अक्षय कुमार ने हमले (Pahalgam Terror Attack) की खबर आने के कुछ देर बाद ही एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा- पहलगाम में पयर्टकों पर आतंकी हमले की खबर सुनकर परेशान हूं। सिर्फ बुराई ही निर्दोषों को ऐसे मार सकती है। परिवारों के साथ मेरी दुआएं।
अजय देवगन ने लिखा था- पहलगाम में आतंकी हमले के बारे में सुनकर सदमे में हूं। पीड़ित और उनके परिवार तो निर्दोष लोग थे। जो हुआ वो बहुत ह्रदयविदारक और पूरी तरह बुराई है। मेरी दुआएं उनके साथ हैं।
सनी देओल ने हमले पर अपने प्रतिक्रिया देते हुए लखा- इस समय दुनिया की सोच सिर्फ आतंकवाद को खत्म करने की होनी चाहिए, क्योंकि इसका शिकार सिर्फ मासूम लोग ही होते हैं। इंसान को अपने अंदर झांकने की जरूरत है। इस दुख की घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं।
दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई कलाकारों ने भी पहलगाम आतंकी हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। साथ ही हताहतों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं।
22 अप्रैल को हुआ आतंकी हमला
22 अप्रैल को दोपहर लगभग 2.50 बजे को पहलगाम की बैसारण घाटी में आतंकवादियों ने सैलानियों पर गोलियां (Pahalgam Terror Attack) चलाईं। उनके निशाने पर सिर्फ पुरुष थे। इस हमले में लगभग 26 लोग मारे गये, जबकि 20 से ज्यादा जख्मी हो हये। माना जा रहा है कि गोली चलाने वाले 4-6 लोग थे।
दावा किया जा रहा है कि आतंकियों ने सैलानियों को गोली मारने से पहले उनकी धार्मिक शिनाख्त की। नाम पूछा। कलमा पढ़ने को कहा। खतना चेक किया।