Maggie Smith Death: दिग्गज ब्रिटिश एक्ट्रेस मैगी स्मिथ का 89 की उम्र में निधन, हैरी पॉटर फिल्मों में निभाया था यह किरदार

मुंबई। दो बार ऑस्कर जीतने वाली दिग्गज ब्रिटिश एक्ट्रेस मैगी स्मिथ (Maggie Smith) का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। दुनियाभर में हैरी पॉटर सीरीज (Harry Potter Movies) की फिल्मों से मशहूर हुईं मैगी स्मिथ ने थिएटर, टीवी और फिल्मो में उल्लेखनीय काम किया था। उनका निधन लंदन के एक अस्पताल में शुक्रवार को हुआ।

बीबीसी के अनुसार, उनके बेटों क्रिस लारकिन और टॉपी स्टीफेंस ने एक स्टेटमेंट के जरिए निधन की जानकारी दी।

1956 में थिएटर से की थी शुरुआत

मैगी स्मिथ को शेक्सपियर शैली की एक्ट्रेस माना जाता था। उन्होंने अपने थिएटर करियर की शुरुआत 1956 में की थी। 1965 में आई फिल्म ओथेलो से उन्हें लोकप्रियता मिली। 2001 से 2011 तक आईं हैरी पॉटर सीरीज की फिल्मों में उन्होंने हॉगवार्ट स्कूल की डिप्टी हेड मिस्ट्रेस मिनर्वा मैकगोनागाल का किरदार निभाया था। यह फिल्म सीरीज दुनियाभर में काफी मशहूर हुई थी और स्मिथ भी अपने इस किरदार के जरिए दुनियाभर में पहचानी जाने लगीं।

Photo Credit: Instagram/Maggie Smith Daily

हैरी पॉटर सीरीज की फिल्मों के अलावा उनकी कुछ यादगार फिल्में इस प्रकार हैं-

  • ट्रैवल्स विद माई आंट (1972)
  • डेथ ऑफ द नाइल (1978)
  • अ रूम विद अ व्यू (1986)
  • रिचर्ड 3 (1995)
  • गॉसफॉर्ड पार्क (2001)
  • क्वारलेट (2012)

मैगी इस उम्र में भी फिल्मों में सक्रिय थीं और पिछले साल रिलीज हुई फिल्म द मिरेकल क्लब में नजर आई थीं।

टीवी शोज में भी मैगी स्मिथ की शानदार परफॉर्मेंस सामने आई। 2010-2015 के बीच आये ब्रिटिश हिस्टोरिकल ड्रामा शो में उन्होंने रॉबर्ट क्रॉली की मां वायोलेट का रोल निभाया था, जो ग्रैंथम की डोवागर काउंटेस होती है। इस किरदार के लिए उन्होंने प्राइमटाइम एमी समेत तीन अवॉर्ड्स जीते थे।

ऑस्कर में 4 बार नॉमिनेशन, 2 बार जीत

मैगी स्मिथ 1965 से 2001 के बीच पांच बार ऑस्कर अवॉर्ड्स में नॉमिनेट हुई थीं। दो बार बेस्ट एक्ट्रेस इन अ लीडिंग रोल और तीन बार बेस्ट एक्ट्रेस इन सपोर्टिंग रोल कैटेगरीज में नॉमिनेशन मिले थे। उन्होंने पहला ऑस्कर अवॉर्ड 1969 में आई फिल्म द प्राइम ऑफ मिस जीन ब्रूडी के लिए जीता था, जो लीडिंग एक्ट्रेस कैटेगरी में दिया गया था।

1978 में आई कैलिफोर्निया सुइट के लिए उन्हें दूसरी बार ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया था। यह सपोर्टिंग एक्ट्रेस कैटेगरी में दिया गया था। इनके अलावा उन्हें एक टोनी अवॉर्ड, चार प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स, पांच ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स, तीन गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स और पांच स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्डस दिये गये थे।