Govinda के भांजे कृष्णा अभिषेक ने दिया हेल्थ अपडेट, भाई कीर्ति कुमार ने बताया- कब होंगे डिस्चार्ज?

मुंबई। मंगलवार सुबह गोविंदा को गोली लगने की खबर से उनके फैंस और शुभचिंतक सकते में आ गये थे। इस घटना की जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर हाथ से गिर जाने की वजह से गोली चल गई, जो गोविंदा के पैर में लगी। एक्टर फिलहाल मुंबई के अस्पताल में भर्ती हैं।

इस बीच उनके भांजे कृष्णा अभिषेक ने हेल्थ अपडेट जारी किया है। शुत्रुघ्न सिन्हा और डेविड धवन ने भी अस्पताल जाकर हालचाल लिया।

कृष्णा ने इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट में लिखा- मामा अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। आप सबकी दुआओं और प्यार का शुक्रिया। वो जल्द सेहतमंद हों। ईश्वर दयालु है। कृपया, उनके लिए दुआएं करते रहिए। कृष्णा की इस पोस्ट पर फैंस भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Govinda Bullet Injury: गोली लगने से जख्मी हुए गोविंदा, हालत स्थिर, मैनेजर ने बताया- कैसे हुआ हादसा?

गोविंदा ने जारी किया ऑडियो

गोविंदा मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती हैं, जहां चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक गोली निकाल दी। एक्टर ने एक ऑडियो स्टेटमेंट भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि वो ठीक हैं। कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह ने अस्पताल जाकर गोविंदा का हालचाल जाना। गोविंदा की बेटी टीना और बेटे यशवर्धन भी अस्पताल पहुंचे।

शत्रुघ्न सिन्हा और डेविड धवन पहुंचे अस्पताल

शाम को शत्रुघ्न सिन्हा और डेविड धवन ने अस्पताल जाकर गोविंदा की तबीयत के बारे में जानकारी ली। डेविड और गोविंदा की जोड़ी नब्बे के दौर में बेहद सफल रही थी। शत्रुघ्न ने मीडिया को बताया कि यह एक दुर्घटना थी। इस पर कोई सवाल नहीं है। उनकी हालत स्थिर और अच्छी है।

डिस्चार्ज होने में लगेंगे 2-3 दिन

गोविंदा के भाई कीर्ति कुमार भी उन्हें देखने पहुंचे। अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए कीर्ति ने बताया- उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है। कम से कम दो-तीन अस्पताल में गुजारने होंगे। गोली सुबह ही निकाल दी गई थी। कीर्ति ने बताया कि गोली वक्त से निकल गई, इसलिए हड़्डी वगैरह को ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है। पैर के अंगूठे में गोली लगी थी।

कीर्ति कुमार से जब घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं भगवान तो हूं नहीं। मेरा भाई जो बोलेगा वही मानूंगा। कीर्ति ने बताया कि घर में एक सर्वेंट था, वही सबसे पहले लेकर आया। जैसे-जैसे बाकी लोगों को पता चलता गया, वो आते रहे।