Dharmendra On Manoj Kumar: दोस्त को आखिरी बार देखने मनोज कुमार के घर पहुंचे धर्मेंद्र, कहा- बहुत सारी यादें हैं…!

Dharmendra visits Manoj Kumar home. Photo- Instagram

मुंबई। Dharmendra On Manoj Kumar: धर्मेंद्र और मनोज कुमार हिंदी सिनेमा के वो सितारे हैं, जिन्होंने तकरीबन एक साथ फिल्मी सफर शुरू किया था। दोनों की उम्र में भी ज्यादा फासला नहीं था। मनोज, धर्मेंद्र से करीब दो साल छोटे थे। संघर्ष के दिनों में ये दोनों कलाकार अच्छे दोस्त हुआ करते थे।

गुरुवार रात लगभग 3.30 बजे मनोज कुमार का 87 साल में निधन हो गया। उनके देहांत ने धर्मेंद्र को भावुक कर दिया है। 89 साल की उम्र में धर्मेंद्र खुद को रोक ना सके और अपने दोस्त को आखिरी बार देखने धर्मेंद्र उनके घर पहुंचे।

वहां मौजूद मीडिया से भावुक धर्मेंद्र ने कहा- बहुत सी बातें हैं हमारी। फिल्म इंडस्ट्री में हमारा बचपन साथ ही गुजरा है।”

यह भी पढ़ें: Manoj Kumar Death: ग्लैमर से भरी फिल्म इंडस्ट्री में ‘भारत’ का ‘मिडिल क्लास’ चेहरा, पढ़िए- कैसे बने ‘मनोज कुमार’?

फिल्म इंडस्ट्री में धर्मेंद्र के पहले दोस्त थे मनोज

धर्मेंद्र उम्र के इस पड़ाव पर अक्सर अपने गुजरे जमाने और दोस्तों को याद करते रहते हैं और सोशल मीडिया में फैंस के साथ साझा करते हैं। पिछले साल उन्होंने मनोज कुमार को जन्मदिन की बधाई भी दी थी। मनोज का जन्मदिन 24 जुलाई को होता है। धर्मेंद्र ने पहली अगस्त को उनके साथ अपनी तस्वीर साझा करके लिखा-

प्यारे मनोज, जन्मदिन की देर से बधाई। मुंबई में मेरा पहला और सबसे अच्छा दोस्त।

यह पहली बार था, जब धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया में मनोज कुमार के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र किया हो। धर्मेंद्र ने जो तस्वीर शेयर की, उसमें दोनों दस्त मुस्कुरा रहे हैं। यह तस्वीर किसी समारोह की है।

पर्दे पर आखिरी बार धर्मेंद्र के साथ आये नजर

संयोग की बात है कि इंडस्ट्री में इतना लम्बा करियर होने के बावजू दोनों यारों ने एक साथ ज्यादा फिल्में नहीं कीं। 1962 में दोनों शादी फिल्म में एक साथ आये थे। इस फिल्म में सायरा बानो फीमेल लीड थीं। हालांकि, इस फिल्म में धर्मेंद्र और मनोज ने स्क्रीन स्पेस शेयर नहीं किया था।

फिल्म की कहानी इस तरह थी कि इन दोनों के किरदार कभी मिले नहीं। अलबत्ता क्लाइमैक्स में दोनों जरूर एक ही फ्रेम में दिखाई देते हैं। शादी में धर्मेंद्र ने सायर बानो के भाई का रोल निभाया था, जबकि मनोज कुमार उनके पति के रोल में थे।

इसके बाद राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर में दोनों ने कैमियो किया। इत्तेफाक देखिए, मनोज आखिरी बार पर्दे पर धर्मेंद्र के साथ ही नजर आये थे। 1995 की फिल्म मैदान-ए-जंग में मनोज कुमार ने मास्टर दीनानाथ का किरदार निभाया था। धर्मेंद्र ने शंकर नाम का रोल किया था।

अक्षय कुमार और करिश्मा कपूर फिल्म में लीड रोल्स में थे। मनोज कुमार ने इसके बाद अभिनय से संन्यास ले लिया था और 2004 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली।