‘खामोशी को मेरी…’, सुबह-सुबह Dharmendra की सोशल मीडिया पोस्ट से फैंस को हुई चिंता, एक्टर ने दिया जवाब

मुंबई। हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर धर्मेंद्र 88 साल के हैं, मगर फिल्मों के साथ सोशल मीडिया पर भी खूब सक्रिय रहते हैं। धर्मेंद्र अक्सर अपनी पोस्ट और तस्वीरों के जरिए फैंस के साथ रू-ब-रू होते हैं, मगर कई बार उनकी बीतें फैंस को चिंता में डाल देती हैं।

मंगलवार सुबह धर्मेंद्र ने एक पोस्ट लिखी तो फैंस फिक्रमंद होकर पूछने लगे कि क्या हुआ है? धर्मेंद्र ने अपनी एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर की। इसके साथ दिग्गज अभिनेता ने लिखा- खामोशी को मेरी… बदमिजाजी ना समझना… चाहत सब से बदस्तूर बरकरार है दोस्तों।

यह भी पढ़ें: Bobby Deol IIFA Awards 2024: छोटे भाई को मिला अवॉर्ड तो गदगद Sunny Deol बोले- माई ब्रदर बॉब… द लॉर्ड

चिंता में पड़े फैंस

धर्मेंद्र की इस पोस्ट के बाद फैंस ने उनका हालचाल लेना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा कि हम आपकी गैरहाजिरी से फिक्रमंद हैं। उन्होंने धर्मेंद्र से मिलने की ख्वाहिश भी जाहिर की। इस पर वेटरन एक्टर ने जवाब दिया- मैं बिल्कुल तंदुरुस्त हूं और अमेरिका में घूम रहा हूं। आप सभी को बहुत प्यार।

फैंस उनके सेहतमंद रहने और लम्बी उम्र की दुआ कर रहे हैं और एक्स पर जल्दी-जल्दी आने की गुजारिश कर रहे हैं। धर्मेंद्र ने इंस्टाग्राम पर अपनी लेटेस्ट फोटो शेयर करके फिट एंड फाइन होने की जानकारी दी। उस पोस्ट पर बॉबी देओल और एशा देओल ने भी रिएक्ट किया है।

इक्कीस में नजर आएंगे धर्मेंद्र

धर्मेंद्र की फिल्मों की बात करें तो पिछले साल रिलीज हुई फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उन्होंने रणवीर सिंह के दादा जी का रोल निभाया था। फिल्म में जया बच्चन उनकी पत्नी के किरदार में थीं। धर्मेंद्र अब श्रीराम राघवन निर्देशित फिल्म इक्कीस में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा भी हैं।

साठ साल से ज्यादा इंडस्ट्री में बिता चुके धर्मेंद्र ने अपने करियर में कई हिट और सुपरहिट फिल्में दी हैं। वो हिंदी सिनेमा के सबसे सफल सितारों में से एक रहे हैं, जिनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की। खासकर, रोमांस और एक्शन के हीरो रहे धर्मेंद्र ने अपने कॉमिक स्किल्स से भी प्रभावित किया।

विडम्बना यह है कि इतनी सफल और लोकप्रिय फिल्में करने के बाद भी धर्मेंद्र को अपने करियर में कभी सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार नहीं मिला। उन्होंने निर्माता के तौर पर घायल के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। और भी कई अन्य अवॉर्ड धर्मेंद्र को मिले हैं।