Stree 2 VS Pathaan Box Office: ‘गदर’ को पीछे छोड़ ‘स्त्री 2’ बनी चौथी सबसे बड़ी फिल्म, आज घुटने टेकेगा ‘पठान’

मुंबई। साल 2024 में सबसे बड़ी सरप्राइज बनकर उभरी है श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की स्त्री 2। इस मंझले बजट की फिल्म को लेकर किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि बॉक्स ऑफिस पर इतना लम्बा सफर तय करेगी। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर बज तो काफी थी और अच्छे बिजनेस के कयास भी लगाये गये थे, लेकिन हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल होगी, इसका अंदाजा कोई ट्रेड जानकार नहीं लगा सका था, शायद फिल्म की स्टारकास्ट भी नहीं।

आज पीछे रह जाएगी पठान

15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई स्त्री 2 चौथे हफ्ते में चल रही है और फिल्म ने 7 सितम्बर (शनिवार) तक 540.40 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में स्त्री 2 से आगे पठान, एनिमल और जवान ही हैं। ये तीनों ही फिल्में पिछले साल रिलीज हुई थीं। पठान ने 543.05 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिसे स्त्री 2 आज रविवार को पीछे छोड़ देगी। इसके बाद एनिमल (556.36 करोड़) और जवान (643.86 करोड़) का नम्बर है।

चौथे हफ्ते में एनिमल मांगेगी पानी

स्त्री 2 की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए कहना मुश्किल नहीं कि फिल्म एनिमल को पीछे छोड़ देगी। हालांकि, नम्बर वन फिल्म जवान तक पहुंचने में काफी जोर लगाना होगा।

चौथे वीकेंड में स्त्री 2 की रफ्तार देखें तो 6 अगस्त (शुक्रवार) को फिल्म ने 4.84 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जबकि 7 अगस्त (शनिवार) को 8.77 करोड़ जमा कर लिये। स्त्री 2 ने पहले हफ्ते में 307.80 करोड़, दूसरे हफ्ते में 145.80 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 72.83 करोड़ जमा किये थे।

स्त्री 2 ने अब तक जिन फिल्मों को पीछे छोड़ा है, उनमें सनी देओल की गदर (525.45 करोड़), बाहुबली 2- द कन्क्लूजन (510.99 करोड़) और केजीएफ चैप्टर 2 (434.70 करोड़) शामिल हैं।

बड़ी-बड़ी फिल्में रहीं फेल

स्त्री 2 के सामने रिलीज हुईं अक्षय कुमार की खेल खेल में और जॉन अब्राहम की वेदा बॉक्स ऑफिस पर कोई दम नहीं दिखा सकीं, जबकि ये दोनों ही फिल्में बड़ी स्टारकास्ट वाली थीं और इनसे बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जा रही थी। अमर कौशिक निर्देशित स्त्री 2 में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव के साथ पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं, अक्षय कुमार ने फिल्म में कैमियो किया है, जो काफी चर्चित रहा।