Stree 2 Vs Jawan: क्या ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ Number 1 फिल्म बन पाएगी स्त्री 2? पढ़िए- कितनी है सम्भावना?

मुंबई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म स्त्री 2 ने कमाई के मामले में वाकई इतिहास रच दिया है। 27 दिनों के बाद स्त्री 2 हिंदी सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। अब स्त्री 2 से आगे सिर्फ शाह रुख खान की जवान ही है, जो 600 करोड़ क्लब में शामिल है। आइए, जानते हैं कि स्त्री 2 जवान को पीछे छोड़कर नम्बर वन फिल्म बन सकती है या नहीं?

15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई स्त्री 2 ने मंगलवार (10 सितम्बर) को 27 दिनों का सफर पूरा किया। चौथे हफ्ते में चल रही फिल्म ने मंगलवार को 3.20 करोड़ का कलेक्शन किया था, जिसके बाद फिल्म का 27 दिनों का नेट कलेक्शन 558.24 करोड़ हो गया है। स्त्री 2 ने रणबीर कपूर की एनिमल (556.36 करोड़) को पीछे छोड़कर दूसरे पायदान पर अपनी जगह बना ली है। बुधवार (11 सितम्बर) को स्त्री 2 ने 3.04 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके बाद 28 दिनों का कलेक्शन 561.28 करोड़ हो गया है।

अब आते हैं इस सवाल पर कि एनिमल को पीछे छोड़ नम्बर 2 फिल्म बन चुकी स्त्री क्या कभी नम्बर वन फिल्म बन पाएगी?

यह भी पढ़ें: Stree 2 Box Office: ‘पठान’ को चित कर तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी ‘स्त्री 2’, इस हफ्ते Animal की छुट्टी

जवान की बराबरी के लिए चाहिए 80 करोड़

पिछले साल रिलीज हुई शाह रुख खान की सुपर कामयाब फिल्म जवान ने 643.87 करोड़ का नेट कलेकशन किया था। यह ना सिर्फ पिछले साल, बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। अगर सिंगल लैंग्वेज में कमाई की बात करें तो जवान भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म है।

स्त्री 2 को इस पड़ाव तक पहुंचने के लिए 82.59 करोड़ चाहिए, या इससे आगे निकलने के लिए 82.60 करोड़ कम से कम चाहिए। अब सवाल ये है कि क्या स्त्री 2 के पास इतनी रफ्तार बची है कि इतनी रकम जुटा सके।

क्या है स्त्री 2 की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार?

स्त्री 2 की रफ्तार की बात करें तो चौथे हफ्ते में फिल्म ने शुक्रवार को 4.84 करोड़, शनिवार को 8.77 करोड़, रविवार को 11.40 करोड़, सोमवार को 3.60 करोड़, मंगलवार को 3.20 करोड़ और बुधवार को 3.04 करोड़ का कलेक्शन किया है, यानी छह दिनों में फिल्म ने 34.85 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया। अगर प्रतिदिन कलेक्शन की औसत रफ्तार देखें तो स्त्री 2 ने हर रोज लगभग 5.80 करोड़ का कलेक्शन किया है।

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की अगर यही औसत रफ्तार बनी रहती है तो लगभग 15 दिनों में जवान का लाइफ टाइम कलेक्शन पार किया जा सकता है, मगर ये आसान नहीं होगा। 600 करोड़ क्लब में पहुंचने के लिए स्त्री 2 को 38.72 करोड़ की दरकार है।

किन कारणों से टूट सकती है स्त्री 2 की गति?

फिल्म की छप्परफाड़ कमाई का दूसरा पहलू यह भी है कि एक बड़ा दर्शक वर्ग स्त्री 2 को देख चुका है और रिपीट व्यूइंग वाले दर्शकों की संख्या अब बेहद कम हो गई है। ऐसे में स्त्री 2 का बिजनेस एकदम से बहुत बड़ी जम्प लेगा, इसकी सम्भावना ना के बराबर है।

13 सितम्बर से स्त्री 2 के सामने नई फिल्मों के रूप में चुनौतियां आ ही हैं। करीना कपूर खान की फिल्म द बकिंघम मर्डर्स 13 सितम्बर को रिलीज हो रही है। इसके बाद 20 सितम्बर को युध्रा आ रही है। फिर 27 सितम्बर को देवरा पार्ट-1 रिलीज होगी। द बकिंघम मर्डर्स और युध्रा से बहुत बड़ा खतरा नहीं है, मगर यह फिल्में स्त्री 2 की कुछ स्क्रीन चुराएंगी, जिसका असर फिल्म के कलेक्शंस पर पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: Movies in September: ‘युध्रा’ से Devara तक, इस महीने लगा है फिल्मों का मेला, कौन-सी मूवी कहां देखें?

हां, अगर ये दोनों फिल्में सिनेमाघरों में दर्शक नहीं खींच पाती हैं तो सिनेमाहॉल मालिक स्त्री 2 के शोज बढ़ा सकते हैं। उस केस में स्त्री 2 के कलेक्शंस एक बार फिर बढ़ सकते हैं और जवान के करीब पहुंचने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, यह तभी सम्भव होगा, जब फिल्म 5.80 करोड़ प्रतिदिन कलेक्शन की रफ्तार कायम रख सके।