Stree 2 ने रचा इतिहास! Jawan का रिकॉर्ड तोड़ बनी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म, 600 करोड़ से महज इतनी दूर

मुंबई। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की हॉरर कॉमेडी फिल्म स्त्री 2 ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म ने रिलीज के एक महीने बाद शाह रुख खान की जवान को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है।

600 करोड़ क्लब में होने वाली है एंट्री

एटली निर्देशित 2023 में जवान हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज हुई थी। ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 640.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिसमें से 582.31 करोड़ सिर्फ हिंदी भाषा से आया था। पांचवें हफ्ते में चल रही स्त्री 2 ने मंगलवार तक 586 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। अब फिल्म 600 करोड़ क्लब की तरफ बढ़ रही है, जिसके लिए सिर्फ 14 करोड़ चाहिए।

यह भी पढ़ें: इस शुक्रवार सिनेमाघरों में मनाया जाएगा National Cinema Day, सिर्फ 99/- रुपये में देखिए कोई भी फिल्म

पांचवें हफ्ते में बनी है रफ्तार

पांचवें हफ्ते में स्त्री 2 सधी हुई रफ्तार से आगे बढ़ रही है। 13 सितम्बर पांचवें शुक्रवार को फिल्म ने 3.60 करोड़, शनिवार को 5.55 करोड़, रविवार को 6.85 करोड़, सोमवार को 3.17 करोड़ और मंगलवार को 2.65 करोड़ का कलेक्शन किया। पांचवें हफ्ते में फिल्म के कलेक्शंस बता रहे हैं कि स्त्री 2 में अभी भी दम बचा है।

तीसरे हफ्ते में ली 500 करोड़ क्लब में एंट्री

मैडॉक फिल्म्स के हॉरर यूनिवर्स की अमर कौशिक निर्देशित फिल्म 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इससे पहले 14 अगस्त की शाम इसके पेड प्रीव्यूज रखे गये थे। फिल्म ने पहले दिन से ही अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया था। फिल्म ने 55 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी, जबकि 204 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में ही कर लिया था।

यह भी पढ़ें: Movies in September: ‘युध्रा’ से Devara तक, इस महीने लगा है फिल्मों का मेला, कौन-सी मूवी कहां देखें?

पहला हफ्ता खत्म होते-होते फिल्म 307.80 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी थी, वहीं दो हफ्तों बाद फिल्म 453.60 करोड़ पर थी। तीन हफ्तों बाद स्त्री 2 का कलेक्शन 526.43 करोड़ हो चुका था और चार हफ्तों बाद 564.18 करोड़ जमा कर चुकी थी।

600 क्लब में जाने वाली स्त्री 2 हिंदी सिनेमा की पहली नायिका प्रधान फिल्म होगी। फिल्म में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर के साथ पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना ने भी अहम किरदार निभाये हैं। तमन्ना भाटिया ने फिल्म में आइटम सॉन्ग किया है।