Inside The Story
* शनिवार को पुष्पा 2 की डबल सेंचुरी
* 5 दिसम्बर को रिलीज हुई थी पुष्पा 2
* तीन साल बाद आया पुष्पा का सीक्वल
मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इस समय इतिहास रचा जा रहा है। तेलुगु फिल्म पुष्पा 2 द रूल सारे अनुमानों को पीछे छोड़ते हुए अकल्पनीय रिकॉर्ड कायम कर रही है। मजे की बात यह है कि तेलुगु सिनेमा की फिल्म यह रिकॉर्ड हिंदी भाषा में बना रही है, जहां कमाई हर रोज नया आसमान छू रही है।
पुष्पा 2 रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस धमाल मचाएगी, ये तो पहले से तय था, क्योंकि पुष्पा के 3 साल बाद आ रही सीक्वल को लेकर काफी हाइप थी, मगर यह धमाल इतने रिकॉर्ड तोड़ेगा, इसकी उम्मीद ट्रे़ड जानकारों ने भी नहीं की थी।
यह भी पढ़ें: Pushpa 2 Box Office Day 3: हिंदी दर्शकों ने किया अल्लू अर्जुन का झंडा बुलंद, अपनी भाषा में कमाई पिछड़ी
शनिवार को ओपनिंग डे से ज्यादा कमाई
पुष्पा 2 ने रिलीज के साथ ही अपने इरादे जता दिय थे। 5 दिसम्बर गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज फिल्म ने 72 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली और हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर बन गई। अगले दिन फिल्म ने 59 करोड़ बटोरे। रिलीज के तीसरे दिन शनिवार को तो फिल्म ने कमाल ही कर दिया। पहले दिन से भी ज्यादा 74 करोड़ जुटा लिये।
इसके साथ रिलीज के तीन दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का नेट कलेक्शन 205 करोड़ हो चुका है। कई फिल्मों का यह लाइफ टाइम कलेक्शन होता है। कई फिल्मों के लिए यह आंकड़ा सपना ही रहता है, मगर पुष्पा 2 ने तीन दिनों के भीतर 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है।
जवान, एनिमल, टाइगर सब पीछे छूटे
सिर्फ हिंदी भाषा की कमाई के आंकड़े देखें तो तीन दिनों डबल सेंचुरी ठोकने वाली पुष्पा 2 पहली फिल्म बन चुकी है। शाह रुख खान की फिल्म जवान ने तीन दिनों में 200 करोड़ का पड़ाव पार किया था, मगर सिर्फ हिंदी में फिल्म का तीन दिनों का कलेक्शन 180.45 करोड़ था।

हिंदी सिनेमा की तीसरी सबसे सफल फिल्म एनिमल ने 176.58 करोड़ का नेट कलेक्शन तीन दिनों में किया था। वहीं, शाह रुख की पठान ने तीन दिनों में 161 करोड़ जुटाये थे। सलमान खान की टाइगर 3 ने तीन दिनों में 144.50 करोड़ जमा किये थे।
इस साल की सबसे सफल हिंदी फिल्म स्त्री 2 ने तीन दिनों में 136.40 करोड़ जमा किये थे। सुकुमार ने फिल्म का निर्देशन किया है।
यह भी पढ़ें: Pushpa 2 The Rule Stampede Death: फैन की मौत पर अल्लू अर्जुन ने जताया खेद, 25 लाख की आर्थिक मदद