मुंबई। Kesari 2 Box Office Day 10: अक्षय कुमार की फिल्म केसरी चैप्टर 2- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग ने सिनेमाघरों में 10 दिनों का सफर गुजरे रविवार को पूरा कर लिया। दूसरे वीकेंड में फिल्म की सेहत में कुछ सुधार हुआ और कलेक्शंस में काफी उछाल आया।
हालांकि, 10 दिनों की कमाई के मामले में फिल्म अभी भी सनी देओल की जाट से काफी पीछे है। वहीं, पिछले 5 सालों में अक्षय कुमार की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली छठी फिल्म बन गई है।
10 दिनों में केसरी 2 को मिले 65 करोड़
25-27 अप्रैल के दूसरे वीकेंड में फिल्म ने 19.39 करोड़ नेट कलेक्शन किया है। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 4.05 करोड़, शनिवार को 7.20 करोड़ और रविवार को 8.14 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। गौरतलब है कि रविवार की कमाई शुक्रवार के मुकाबले एकदम डबल है।
दूसरे वीकेंड का कलेक्शन मिलाकर केसरी 2 का घरेलू बॉक्स ऑफिस (Kesari 2 Box Office Day 10) पर 10 दिनों का नेट कलेक्शन अब 65.93 करोड़ हो गया है।
केसरी 2 का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 100 करोड़ हो चुका है।
पहले हफ्ते में केसरी 2 को मिले 46 करोड़
18 अप्रैल (शुक्रवार) को रिलीज हुई केसरी 2 ने पहले हफ्ते में 46.54 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। प्रतिदिन फिल्म के कलेक्शंस इस प्रकार रहे।
- शुक्रवार: 7.84 करोड़ (गुड फ्राइडे की छुट्टी)
- शनिवार: 10.08 करोड़
- रविवार: 11.70 करोड़
- सोमवार: 4.50 करोड़
- मंगलवार: 5.04 करोड़
- बुधवार: 3.78 करोड़
- गुरुवार: 3.60 करोड़
अगर, जाट के कलेक्शंस से केसरी 2 की तुलना करें तो इसकी रफ्तार धीमी है। जाट ने रिलीज के 10 दिनों में 70.09 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
यह हफ्ता केसरी 2 के लिए बेहद अहम
केसरी 2 की तुलना अक्षय कुमार की पिछले पांच सालों (2021-2025) में रिलीज हुई फिल्मों से करें तो कलेक्शन के मामले में यह छठे स्थान पर है। इस समयावधि में रिलीज हुईं कई फिल्मों के लाइफ टाइम कलेक्शंस को केसरी 2 ने पीछे छोड़ दिया है।
इनमें प्रमुख रूप से बड़े मियां छोटे मियां, सिरफरा, खेल खेल में, सेल्फी, रक्षा बंधन, बच्चन पांडेय शामिल हैं। दूसरे हफ्ते के खत्म होते-होते केसरी 2 पिछले 5 सालों में अक्षय की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बन जाएगी।
- सूर्यवंशी- 196 करोड़
- स्काय फोर्स- 131 करोड़
- ओएमजी 2- 150.17 करोड़
- राम सेतु- 71.87 करोड़
- सम्राट पृथ्वीराज- 68.05 करोड़
- केसरी 2- 65.93 करोड़
एक मई से केसरी 2 के सामने अजय देवगन की रेड 2 और संजय दत्त की भूतनी की चुनौतियां होंगी, यानी फिल्म के पास कलेक्शंस बढ़ाने के लिए यही हफ्ता है।