Devara Box Office Day 7: ओपनिंग वीक में 400 करोड़ के पार देवरा, Jr NTR की फिल्म ने हिंदी में भी दिखाया दम

मुंबई। जूनियर एनटीआर, सैफ अली खान और जाह्नवी कपूर की फिल्म देवरा पार्ट-1 ने ओपनिंग वीक में शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 करोड़ का पड़ाव वर्ल्डवाइड पार कर लिया है। हालांकि, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार कुछ धीमी है।

27 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई देवरा ने 3 अक्टूबर को रिलीज के सात दिन पूरे कर लिये। पहले हफ्ते में फिल्म ने दुनियाभर में 405 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा फिल्म के एक्स हैंडल पर शेयर किया गया है।

यह भी पढ़ें: October Movies in Cinemas: ‘जोकर 2’ से शुरू, ‘Venom 3’ पर खत्म, अक्टूबर में हॉलीवुड के हवाले बॉक्स ऑफिस!

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर डबल सेंचुरी

अब अगर घरेलू कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले हफ्ते में डबल सेंचुरी लगा दी है। सैकनिल्क के मुताबिक, देवरा ने रिलीज के पहले हफ्ते में सभी भाषाओं को मिलाकर 215.60 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जिसमें से 164 करोड़ तेलुगु भाषा से आये हैं। तेलुगु में दिनवार कलेक्शंस इस प्रकार रहे-

शुक्रवार- 73.25 करोड़ (ओपनिंग डे)
शनिवार- 27.55 करोड़
रविवार- 27.70 करोड़
सोमवार- 8.20 करोड़
मंगलवार- 9.10 करोड़
बुधवार- 13.55 करोड़ (2 अक्टूबर- गांधी जयंती)
गुरुवार- 4.65 करोड़

अन्य भाषाओं में सबसे ज्यादा योगदान हिंदी का है, जिसने 44 करोड़ देवरा को दिये हैं। तमिल से 4.80 करोड़, मलयालम से 1.22 करोड़ और कन्नड़ से 1.58 करोड़ देवरा को मिले हैं। हिंदी में फिल्म का दिनवार कलेक्शन इस प्रकार रहा-

शुक्रवार- 7.50 करोड़ (ओपनिंग डे कलेक्शन)
शनिवार- 9 करोड़
रविवार- 10.50 करोड़
सोमवार- 4 करोड़
मंगलवार- 4.25 करोड़
बुधवार- 6.50 करोड़ (2 अक्टूबर- गांधी जयंती)
गुरुवार- 2.25 करोड़

हिंदी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के कलेक्शंस बता रहे हैं कि फिल्म को लेकर दर्शकों में दिलचस्पी बनी हुई है। ओपनिंग वीकेंड के बाद वर्किंग वीक में भी फिल्म के कलेक्शंस में गिरावट सामान्य ही है। 2 अक्टूबर की छुट्टी में कलेक्शंस में एक बार फिर उछाल आया।

दशहरे तक कोई खतरा नहीं

देवरा के सामने दशहरे तक फिलहाल कोई चुनौती नहीं है। स्त्री 2 की रफ्तार काफी कम हो चुकी है। 11 अक्टूबर को आलिया भट्ट की जिगरा और राजकुमार की विक्की विद्या का वो वाला वीडियो रिलीज हो रही हैं। ये दोनों फिल्में स्क्रींस छीन लेंगी, जिसका असर देवरा के कलेक्शंस पर पड़ेगा। हालांकि, तब तक फिल्म हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का पड़ाव हासिल कर लेगी।