मुंबई। Deva Box Office: 31 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई शाहिद कपूर की एक्शन ड्रामा देवा ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कम ओपनिंग ली है। अनुमान था कि फिल्म 6 करोड़ की रेंज में पहले दिन कमा सकती है, मगर 5.78 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया है।
साल की दूसरी बेस्ट ओपनिंग
देवा 2025 की दूसरी बेस्ट ओपनिंग है। इस साल अभी तक रिलीज हुईं हिंदी फिल्मों की सबसे बड़ी ओपनिंग स्काय फोर्स के नाम है, जिसने 15.30 करोड़ जुटाये थे। तीसरे स्थान पर सोनू सूद की फतेह है, जिसे पहले दिन 2.61 करोड़ मिले थे।
चौथे स्थान पर कंगना रनोट की इमरजेंसी है, जिसने 2 करोड़ की ओपनिंग ली थी। वहीं, पांचवें स्थान पर अजय देवगन की आजाद है, जिसने पहले दिन 1.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था।
यह भी पढ़ें: Sky Force Box Office: 100 करोड़ क्लब में जाने वाली 2025 की पहली फिल्म बनी स्काय फोर्स, आठवें दिन किया कारनामा
दूसरे दिन कलेक्शंस में उछाल
देवा की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार शनिवार को सधी हुई रही। दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शंस में उछाल आने का अनुमान है। हालांकि, यह उछाल बहुत ज्यादा नहीं है। पहले दिन के मुकाबले कलेक्शंस में लगभग 20 फीसदी बढ़ोत्तरी की उम्मीद है।
देवा का निर्देशन रोशन एंड्रूज ने किया है। मलयालम फिल्म मुंबई पुलिस की रीमेक में शाहिद ने पुलिस वाले का किरदार निभाया है और जमकर एक्शन किया है। पूजा हेगड़े फीमेल लीड हैं।
TBMAUJ से कम रही ओपनिंग
देवा की ओपनिंग उनकी पिछली फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ से भी कम रही है। 2023 में फरवरी में आई फिल्म ने 7.02 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इस फिल्म में शाहिद के साथ कीर्ति सेनन फीमेल लीड थीं। 80 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन करके यह फिल्म हिट रही थी।
शाहिद की सोलो लीड रोल वाली फिल्मों की बात करें तो उनकी बेस्ट ओपनिंग कबीर सिंह है, जिसने पहले दिन 20.21 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। संदीप रेड्डी वंगा निर्देशित फिल्म 2019 में आई थी और 278 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन करके ब्लॉकबस्टर घोषित की गई थी।
शाहिद की फिल्मोग्राफी देखें तो कबीर सिंह और पद्मावत से पहले उनकी क्लियर हिट फिल्म जब वी मेट है, जो 2007 में आई थी। इस बीच उनकी जितनी फिल्में आईं वो या तो फ्लॉप रहीं या फिर औसत।