Chhaava Box Office Day 22: 500 करोड़ी हुई छावा, 22वें दिन विक्की कौशल की फिल्म ने की ‘पठान’ की बराबरी

Chhaava crosses 500 Cr. on fourth Friday. Photo- Instagram

मुंबई। Chhaava Box Office Day 22: 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म ने तीन हफ्तों का सफर पूरा कर लिया है और चौथे शुक्रवार (22वें दिन) को 6.30 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ 500 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली।

फिल्म का 22 दिनों का नेट कलेक्शन अब 502.70 करोड़ हो चुका है।

इस पड़ाव को पार करने वाली छावा हिंदी सिनेमा की 8वीं फिल्म है और रफ्तार के मामले में पांचवीं। छावा ने शाह रुख खान की पठान की बराबरी कर ली है, जिसे 500 करोड़ तक पहुंचने में 22 दिन लगे थे। इस क्लब में पहुंचने वाली सबसे तेज फिल्म पुष्पा 2 है, जिसने 10 दिनों में यह मुकाम हासिल कर लिया था।

  • पुष्पा 2- 10 दिन
  • जवान- 13 दिन
  • स्त्री 2- 18 दिन
  • एनिमल- 16 दिन
  • पठान- 22 दिन
  • छावा- 22 दिन
  • गदर- 24 दिन
  • बाहुबली 2- 34 दिन

तीसरे वीकेंड के बाद मंद पड़ी रफ्तार

तीसरे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार काफी कम हो गई, जिसकी वजह से 500 करोड़ तक पहुंचने में एक दिन ज्यादा लग गया। अनुमान था कि फिल्म तीसरा हफ्ता खत्म होते-होते इस अहम पड़ाव को पार कर लेगी।

छावा ने 28 फरवरी को तीसरे हफ्ते में एंट्री ली थी और 6 मार्च को सफर पूरा किया। तीन हफ्तों में छावा ने 496.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। इस हफ्ते में फिल्म के कलेक्शंस इस प्रकार रहे-

  • शुक्रवार- 13.30 करोड़
  • शनिवार- 22.50 करोड़
  • रविवार- 24.30 करोड़
  • सोमवार- 7.74 करोड़
  • मंगलवार- 5.40 करोड़
  • बुधवार- 6.19 करोड़
  • गुरुवार- 5.51 करोड़

तीसरे सोमवार के बाद छावा को 500 करोड़ तक पहुंचने के लिए बस 20.70 करोड़ चाहिए थे, जो फिल्म की ट्रेंड को देखते हुए ज्यादा नहीं थे। मगर, तीसरे वीकेंड के बाद वर्किंग डेज में फिल्म के कलेक्शंस सिंगल डिजिट में सिमटकर रह गये, जिससे 500 करोड़ तक पहुंचने में एक दिन की देरी हुई।

यह भी पढ़ें: March Movies In Cinemas: ‘छावा’ ने सम्भाला फरवरी, अब ‘द डिप्लोमैट’ और ‘सिकंदर’ के हवाले मार्च?

600 करोड़ की उम्मीद

छावा के कलेक्शंस में वीकेंड्स में उछाल आता है। इसलिए अभी फिल्म से उम्मीदें बंधी हुई हैं। हालांकि, 600 करोड़ तक पहुंचना अब आसान नहीं होगा। मगर, सिकंदर से पहले कोई बड़ा चुनौती छावा के सामने नहीं है। यानी फिल्म धीरे-धीरे चलकर इस मुकाम तक पहुंच सकती है।

अगर हफ्तावार फिल्म के कलेक्शंस देखें तो इस प्रकार रहे-

  • पहला हफ्ता: 225.28 करोड़
  • दूसरा हफ्ता: 186.18 करोड़
  • तीसरा हफ्ता: 84.94 करोड़

बहस के दायरे में औरंगजेब

छावा का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म में विक्की कौशल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे सम्भाजी महाराज का किरदार निभाया है, जो मुगल बादशाह औरंगजेब से जंग के लिए जाने जाते हैं।

औरंगजेब से उनकी कई लड़ाइयां हुईं, मगर अंत में मुगल बादशाह ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कई दिनों तक यातनाएं दीं। सम्भाजी ने प्राण न्योछावर कर दिये, मगर मुगलों की कोई शर्त नहीं मानी।

इन दिनों औरंगजेब का किरदार सियासी बहस का सामान बना हुआ है। इस ऐतिहासिक किरदार को लेकर राजनीतिक दलों के बीच तीखा वाक युद्ध चल रहा है। फिल्म में यह रोल अक्षय खन्ना ने निभाया।