मुंबई। Chhaava Box Office Day 14: रिलीज के दूसरे हफ्ते में भी छावा के लिए दीवानगी बरकरार रही, जिसके चलते 14वें दिन गुरुवार को विक्की कौशल की फिल्म ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली। छावा ने 400 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लिया है। इसी के साथ छावा भारतीय सिनेमा की सातवीं सबसे तेज फिल्म बन गई है।
दूसरे हफ्ते में छावा का सफर
छावा का जोशीला सफर दूसरे हफ्ते (21-27 फरवरी) में भी जारी रहा। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 24.03 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद वीकेंड के दोनों दिनों में कलेक्शंस में बम्पर उछाल आया। फिल्म ने दूसरे शनिवार को 44.10 करोड़ और रविवार को 41.10 करोड़ जमा कर लिये। 300 करोड़ का पड़ाव छावा ने 10 दिनों में ही हासिल कर लिया था।
दूसरे सोमवार को फिल्म ने 19.10 करोड़, मंगलवार को 19.23 करोड़ और बुधवार को 25.02 करोड़ जमा किये। गुरुवार को खबर लिखे जाने तक छावा ने लगभग 6 करोड़ जुटा लिये हैं। इससे पहले बुधवार तक फिल्म का नेट कलेक्शन 397.86 करोड़ हो चुका था, यानी फिल्म ने 400 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है।
इस क्लब में पहुंचने वाली छावा नौवीं फिल्म है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर पुष्पा 2 है, जिसने सात दिनों में यह पड़ाव पार किया था।
यह भी पढ़ें: Chhaava Box Office Day 11: दूसरे सोमवार को डटी रही ‘छावा’, अब 400 करोड़ के सफर पर विक्की कौशल की फिल्म
फिल्म | दिन | कलाकार |
पुष्पा 2 | 7 | अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना |
जवान | 9 | शाह रुख खान, नयनतारा |
एनिमल | 10 | रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना |
स्त्री 2 | 11 | श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव |
पठान | 11 | शाह रुख खान, दीपिका पादुकोण |
गदर 2 | 12 | सनी देओल, अमीषा पटेल |
छावा | 14 | विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना |
बाहुबली 2 | 18 | प्रभास, अनुष्का शेट्टी, राणा दग्गूबटी |
केजीएफ 2 | 23 | यश |
विक्की कौशल की छावा पहली फिल्म है, जिसने 400 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। फिल्म की रफ्तार को देखते हुए लग रहा है कि 500 करोड़ का पड़ाव भी दूर नहीं है। एक नजर में छावा का 14 दिनों का सफर-
- 100 करोड़- 3 दिन
- 200 करोड़- 7 दिन
- 300 करोड़- 10 दिन
- 400 करोड़- 14 दिन
पहले हफ्ते में 225 करोड़ का कलेक्शन
छावा 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 33.10 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी। इसके बाद शनिवार को 39.30 करोड़ और रविवार को 49.03 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। 100 करोड़ का पड़ाव छावा ने ओपनिंग वीकेंड में ही पार कर लिया था।
इसके बाद पहले सोमवार को फिल्म ने 24.10 करोड़, मंगलवार को 25.75 करोड़, बुधवार को 32.40 करोड़ और गुरुवार को 21.60 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। पहले हफ्ते में छावा ने 225.28 करोड़ का नेट कलेक्शन करके 200 करोड़ के पड़ाव को सफलता के साथ पार कर लिया।
छावा छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति सम्भाजी और मुगल बादशाह औरंगजेब के बीच युद्ध की कहानी है। औरंगजेब के रोल में अक्षय खन्ना हैं। रश्मिका मंदाना ने सम्भाजी की पत्नी का किरदार निभाया है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उटेकर ने किया है। निर्माता दिनेश विजन हैं।