Chhaava Box Office Day 11: दूसरे वीकेंड में ‘छावा’ ने जड़ा शतक, अब 400 करोड़ के सफर पर विक्की कौशल की फिल्म

Chhaava box office collection Day 11. Photo- Instagram

मुंबई। Chhaava Box Office Day 11: भारतीय इतिहास के मराठा अध्याय से निकली कहानी छावा बॉक्स ऑफिस पर भी इतिहास रच रही है। रिलीज के 10 दिनों में फिल्म ने 300 करोड़ का पड़ाव सफलता के साथ पार कर लिया है और अब 400 करोड़ के सफर पर निकल पड़ी है।

दूसरे सोमवार को फिल्म के कलेक्शंस देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि विक्की कौशल की फिल्म दूसरे हफ्ते के खत्म होते-होते 400 करोड़ क्लब का फीता काट सकती है। हालांकि, इसके लिए छावा को इस हफ्ते टिककर खेलना होगा।

दूसरे वीकेंड में 100 करोड़ की कमाई

दूसरे वीकेंड (21-23 फरवरी) में छावा ने अपना पूरा जलवा बिखेरा। फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 24.03 करोड़, शनिवार को 44.10 करोड़ और रविवार को 41.10 करोड़ का नेट कलेक्शन करते हुए दूसरे वीकेंड में 109.23 करोड़ की कमाई कर ली।

यहां बताते चलें कि दूसरे वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव अब तक सिर्फ दो फिल्में ही पार कर सकी हैं। इनमें दूसरी छावा और पहली पिछले साल आई पुष्पा 2 हिंदी है, जिसने 128 करोड़ नेट कलेक्शन दूसरे वीकेंड में किया था।

यह भी पढ़ें: PM Modi Praises Chhaava: ‘इन दिनों छावा की धूम मची हुई है’, फिल्म की तारीफ में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

सोमवार को 350 करोड़ पूरे

दूसरे वीकेंड की कमाई के बाद छावा का 10 दिनों का नेट कलेक्शन 334.51 करोड़ हो गया, यानी 350 करोड़ के लिए छावा को बस 15.49 करोड़ की दरकार है।

ट्रेड से आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे सोमवार (24 फरवरी) को छावा ने खबर लिखे जाने तक लगभग 18 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है और इसी के साथ फिल्म ने 11वें दिन 350 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया।

पहले हफ्ते में 225.28 करोड़

14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने पहले हफ्ते में 200 करोड़ का पड़ाव पार करते हुए 225.28 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था।

शुक्रवार- 33.10 करोड़

शनिवार- 39.30 करोड़

रविवार- 49.03 करोड़

सोमवार- 24.10 करोड़

मंगलवार- 25.75 करोड़

बुधवार- 32.40 करोड़

गुरुवार- 21.60 करोड़