Chhaava Box Office Day 10: रविवार को 300 करोड़ के पार ‘छावा’, नहीं तोड़ पाई ‘पुष्पा 2’ का यह रिकॉर्ड

Chhaava box office collection Day 10. Photo- Instagram

मुंबई। Chhaava Box Office Day 10: विक्की कौशल की फिल्म छावा ने रिलीज के दसवें दिन और दूसरे रविवार को 300 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक के साथ 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले चुके विक्की अब 300 करोड़ क्लब के सदस्य भी बन गये हैं। उनके करीब 10 साल के करियर की यह सबसे बड़ी सफलता है।

छावा की यह कामयाबी इसलिए भी मायने रखती है, क्योंकि उरी की तरह यह फिल्म भी पूरी तरह से विक्की के कंधों पर ही टिकी है। संजू के जरिए विक्की 300 करोड़ी फिल्म का हिस्सा रह चुके हैं, मगर उसमें लीड रोल रणबीर कपूर ने निभाया था।

रविवार को 300 करोड़ क्लब में एंट्री

छावा ने शनिवार को 44.10 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। हालांकि, दूसरे शनिवार को हाइएस्ट कलेक्शन का रिकॉर्ड अभी पुष्पा 2 के नाम ही है, जिसने 46.50 करोड़ बटोरे थे। छावा दूसरे शनिवार को सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर है।

शनिवार की कमाई के साथ छावा ने 9 दिनों में 293.41 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था। 300 करोड़ में एंट्री के लिए इसे सिर्फ 6.59 करोड़ की ही दरकार थी। रविवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म 35 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।

यह भी पढ़ें: PM Modi Praises Chhaava: ‘इन दिनों छावा की धूम मची हुई है’, फिल्म की तारीफ में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अनुमान है कि देर रात के शोज मिलाकर फिल्म 40 करोड़ के आसपास जुटा लेगी, जिसके बाद 10 दिनों का नेट कलेक्शन 335 करोड़ के आसपास हो जाएगा, यानी इस बात की पूरी सम्भावना है कि छावा कल यानी दूसरे सोमवार को 350 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी।

छावा 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का पहले 9 दिनों में कारोबार इस प्रकार रहा-

शुक्रवार- 33.10 करोड़

शनिवार- 39.30 करोड़

रविवार- 49.03 करोड़

सोमवार- 24.10 करोड़

मंगलवार- 25.75 करोड़

बुधवार- 32.40 करोड़

गुरुवार- 21.60 करोड़

शुक्रवार- 24.03 करोड़

शनिवार- 44.10 करोड़

300 करोड़ के सुल्तान सलमान खान

छावा, 300 करोड़ के पड़ाव को पार करने वाली हिंदी सिनेमा की 17वीं फिल्म है, जबकि आठवीं सबसे तेज फिल्म है। छावा ने इस पड़ाव को दसवें दिन पार कर लिया। हालांकि, सबसे तेज 300 करोड़ कमाने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अभी भी पुष्पा 2 के नाम ही है।

फिल्मएक्टरदिन
पुष्पा 2 द रूल (हिंदी)अल्लू अर्जुन5
जवानशाह रुख खान6
पठानशाह रुख खान7
एनिमलरणबीर कपूर7
स्त्री 2श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव8
गदर 2 सनी देओल8
बाहुबली 2 हिंदीप्रभास10
छावा विक्की कौशल10
केजीएफ 2 हिंदीयश11
दंगल (लाइफ टाइम)आमिर खान13
संजू (लाइफ टाइम)रणबीर कपूर16
टाइगर जिंदा है (लाइफ टाइम)सलमान खान16
पीके (लाइफ टाइम)आमिर खान17
वॉर (लाइफ टाइम)ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ19
बजरंगी भाईजान (लाइफ टाइम)सलमान खान20
सुल्तान (लाइफ टाइम)सलमान खान35
पद्मावत (लाइफ टाइम)रणवीर सिंह, शाहिद कपूर, दीपिका पादुकोण50

अगर हिंदी सिनेमा के सितारों की बात करें तो 300 करोड़ क्लब के सुल्तान अभी भी सलमान खान हैं, जिनकी 3 फिल्में शामिल हैं। आमिर खान और शाह रुख खान की 2-2, रणबीर कपूर की 2 और ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की एक-एक फिल्में शामिल हैं। अक्षय कुमार और अजय देवगन अभी इस क्लब में एंट्री नहीं ले सके हैं।