Tum Jo Mile Ho Song Out: विक्की और विद्या की लव स्टोरी का पहला गाना रिलीज, तृप्ति को रिझाते दिखे राजकुमार

मुंबई। राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म विक्की विद्या का वो वाला वीडियो 11 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस वक्त फिल्म का धुआंधार प्रमोशन चल रहा है, जिसमें राजकुमार और तृप्ति पूरी शिद्दत से जुटे हुए हैं।

गुरुवार को फिल्म का पहला गाना तुम जो मिले हो रिलीज कर दिया गया। फिल्म की स्टार कास्ट ने गाना लखनऊ में रिलीज किया। वैसे फिल्म की कहानी ऋषिकेश में दिखाई गई है। तुम जो मिले हो रोमांटिक गाना है, जो राजकुमार और तृप्ति पर फिल्माया गया है। गाने में राजकुमार तृप्ति को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं।

नब्बे की यादों में ले जाता है गाना

विक्की विद्या का वो वाला वीडियो की कहानी नब्बे के दौर में दिखाई गई है, लिहाजा गाना भी उसी मूड का है। गाने के बोल और संगीत 90s के दौर में ले जाता है। विशाल मिश्रा ने गाने को आवाज से सजाया है, संगीत सचिन-जिगर ने दिया है। बोल प्रिया सरइया के हैं।

यह भी पढ़ें: Animal के बाद बदल गये Triptii Dimri के सितारे, अब विशाल भारद्वाज की एक्शन फिल्म में बनीं Shahid Kapoor की हीरोइन

लखनऊ में गाने की लॉन्चिंग इवेंट को दिलचस्प बनाने के लिए राजकुमार राव ने अपने प्यार विद्या के लिए चिकनकारी कुर्तियों की खरीदारी भी की। उन्होंने स्थानीय कॉलेज में स्टूडेंट्स के साथ कदम थिरकाए।

विक्की विद्या का वो वाला वीडियो को राज शांडिल्य ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, शोभा कपूर, एकता कपूर, विपुल शाह, अश्विन वर्दे, राजेश बहल, राज शांडिल्य और विमल लाहोटी ने किया है।

बॉक्स ऑफिस पर जिगरा से टक्कर

विक्की विद्या का वो वाला वीडियो की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर आलिया भट्ट की जिगरा से होगी, जो एक्शन थ्रिलर फिल्म है। जिगरा भी 11 अक्टूबर को रिलीज हो रही है।

यह भी पढ़ें: Stree 2 ने रचा इतिहास! Jawan का रिकॉर्ड तोड़ बनी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म, 600 करोड़ से महज इतनी दूर

राजकुमार राव के लिए 2024 शानदार साल रहा है। उनकी फिल्म स्त्री 2 ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया है और जल्द 600 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है। वहीं, तृप्ति डिमरी की पिछली फिल्म बैड न्यूज भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है। अब विक्की और विद्या बनकर ये क्या धमाल मचाते हैं, इसका इंतजार है।