The Diplomat Teaser: उजमा अहमद के रेस्क्यू की सच्ची कहानी में जॉन अब्राहम बने डिप्लोमैट जेपी सिंह, टीजर हुआ रिलीज

John Abraham's The Diplomat Teaser out. Photo- Film Team

मुंबई। The Diplomat Teaser: 2017 में सुषमा स्वराज तब विदेश मंत्री थीं। एक केस खूब चर्चा में आया था। भारतीय राजनयिकों ने हिंदुस्तानी लड़की उजमा अहमद को पाकिस्तान से रेस्क्यू किया था। उजमा की यह कहानी अब बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। फिल्म का शीर्षक है- द डिप्लोमैट।

उजमा के रेस्क्यू और भारत वापसी में पाकिस्तान में भारतीय डिप्टी हाई कमिश्नर जेपी सिंह की भूमिका सबसे अहम रही थी। फिल्म में यह किरदार जॉन अब्राहम निभा रहे हैं। उजमा के किरदार में सादिया खतीब हैं। द डिप्लोमैट का टीजर शुक्रवार को जारी कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: February Releases: जनवरी में ठंडा रहा बॉक्स ऑफिस, क्या इन फिल्मों से फरवरी में बढ़ेगा तापमान?

कैसा है टीजर?

टीजर की शुरुआत विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के स्टेटमेंट से होती है, जिसमें वो कहते हैं कि दुनिया के सबसे बड़े डिप्लोमैट भगवान कृष्ण और हनुमान जी थे। इसके बाद इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दृश्य आते हैं। उजमा वहां मदद मांगने पहुंचती है। इसके बाद शुरू होती है उजमा को बचाने की कवायद और जेपी सिंह की सूझबूझ और दिलेरी।

शारिब हाशमी भी अहम किरदार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में रेवती और कुमुद मिश्रा भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शिवम नायर ने किया है, जबकि रितेश शाह ने लिखी है। द डिप्लोमैट 7 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म का निर्माण टी-सीरीज, जेए एंटरटेनमेंट, वकाऊ फिल्म्स और फॉर्च्यून पिक्चर्स ने किया है।

क्या है उजमा अहमद का केस?

मामला 2017 का है। उजमा अहमद की पाकिस्तान के ताहिर अली से मलेशिया में मुलाकात हुई थी। दोनों में प्यार हो गया। पहली मई को उजमा ताहिर के साथ उसके पाकिस्तान घर पहुंची। वहां जाकर उसे पता चला कि ताहिर के पहली शादी से चार बच्चे हैं।

मगर, ताहिर ने बंदूक की नोंक पर जबरन उससे शादी कर ली। उसका यौन शोषण किया। उजमा किसी तरह ताहिर को झांसा देकर उसके साथ भारतीय उच्चायोग पहुंच गई, जहां जेपी सिंह ने उसकी मदद की। उन्होंने सुषमा स्वराज से बात की।

भारत में उजमा की नागरिकता की पुष्टि होने के बाद भारतीय उच्चायोग ने उसे वापस लाने में पूरा जोर लगा दिया। इस्लामाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद उजमा को भारत वापस लाया गया था।