‘रावण’ को जलाने आ रही Singham Again की टीम, दिल्ली की लव कुश रामलीला में शामिल होंगे Ajay Devgn

मुंबई। दिवाली के मौके पर रिलीज हो रही सिंघम अगेन की टीम प्रमोशंस में जुटी है। इसी क्रम में दशहरे पर दिल्ली की लव कुश रामलीला में रावण दहन के कार्यक्रम में फिल्म की टीम शामिल होगी।

रामलीला के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार रावण दहन के लिए सिंघम अगेन की टीम को आमंत्रित किया गया है। अजय देवगन, रोहित शेट्टी और करीना कपूर ने अपनी सहमित दे दी है। सभी कलाकार 12 अक्टूबर को रावण वध में शामिल होंगे।

सिंघम अगेन में भी एक रामायण

सिंघम अगेन की कहानी की प्रेरणा रामायण बनी है। आपने देखा होगा कि ट्रेलर में विभन्न किरदारों की तुलना रामायण के पात्रों से की गई है।

सीता हरण और रावण वध सिंघम अगेन की कहानी का मुख्य प्लॉट हैं। सीता, करीना कपूर है। राम, अजय देवगन और लक्ष्मण टाइगर श्रॉफ। बजरंग बली, रणवीर सिंह, जबकि अक्षय कुमार जटायु।

रावण का प्रतीक अर्जुन कपूर हैं। ट्रेलर में वो कहते भी हैं कि कलयुग में जीत रावण की होगी। इसलिए, रामलीला में रावण दहन करना, सिंघम अगेन की टीम के लिए प्रासंगिक भी है।

यह भी पढ़ें: Singham Again Trailer Review: फुल डालॉगबाजी, ताबड़तोड़ एक्शन… दिवाली पर और क्या चाहिए?

कॉप यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म

सिंघम अगेन एक नवम्बर को थिएटर्स में रिलीज होगी। रोहित शेट्टी की यह फिल्म सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी और कॉप यूनिवर्स की पांचवी फिल्म है।

अजय देवगन बाजीराव सिंघम बनकर पर्दे पर लौट रहे हैं। रणवीर सिंह और अक्षय कुमार पहले ही कॉप यूनिवर्स का हिस्सा बन चुके हैं।

इस फिल्म से टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण भी रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स में शामिल हो गये हैं।

फिल्म से जुड़ी हैं ढेरों उम्मीदें

सिंघम अगेन से फिल्म के सभी कलाकारों और निर्देशक रोहित शेट्टी को बड़ी उम्मीदें हैं। सभी को एक हिट की जरूरत है।

रोहित की पिछली फिल्म सर्कस बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थी, जिसमें रणवीर सिंह लीड रोल में थे।

अजय देवगन की मैदान और औरों में कहां दम था इस साल फ्लॉप रही हैं। टाइगर ने वॉर के बाद कोई बड़ी हिट नहीं दी है।

उनकी पिछली फिल्में गणपत और छोटे मियां बड़े मियां बॉक्स ऑफिस पर असफल रही हैं।

भूल भुलैया 3 से टक्कर

सिंघम अगेन की दिवाली पर भूल भुलैया 3 से टक्कर होने वाली है। अनीस बज्मी निर्देशित इस हॉरर कॉमेडी फिल्म में कार्तिक आर्यन और तृप्ति डिमरी लीड रोल्स में हैं।

विद्या बालन और माधुरी दीक्षित मंजुलिका के किरदार में नजर आएंगी।

यह भी पढ़ें: Bhool Bhulaiyaa 3 Trailer: विद्या बालन या माधुरी दीक्षित… कौन है असली मंजुलिका?