मुंबई। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत 5 जून को ईद पर रिलीज़ हो रही है और इस फ़िल्म को लेकर सलमान ख़ान काफ़ी सतर्क और नर्वस हैं। इसीलिए भारत की एक प्रमोशनल इवेंट में सलमान ने यह चिंता ज़ाहिर की, कहीं भारत उनके बहनोई अतुल अग्निहोत्री का घर ना बिकवा दें। हालांकि सलमान ने यह सब मज़ाक में कहा था। दरअसल, भारत को सलमान की बहन अलवीरा और जीजा जी अतुल अग्निहोत्री ने प्रोड्यूस किया है, जबकि अली अब्बास ज़फ़र ने निर्देशित किया है।
सलमान की इस फ़िक्र की वजह उनकी पिछली फ़िल्में ट्यूबलाइट और रेस 3 हैं, जो ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई थीं, मगर बॉक्स ऑफ़िस पर कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं कर सकी थीं। ट्यूबलाइट 2017 में 23 जून को सिनेमाघरों में पहुंची थी, जबकि रेस 3 पिछले साल 15 जून को आयी थी। कबीर ख़ान निर्देशित ट्यूबलाइट ने 120 करोड़ के आसपास कमाई की थी, जबकि रेस 3 बमुश्किल 170 करोड़ ही जमा कर सकी थी। ऊपर से समीक्षकों ने इस फ़िल्म की बखिया उधेड़ दी थी।

इसीलिए सलमान का कॉन्फ़िडेंस इस वार थोड़ा हिला हुआ है। सलमान मानते हैं कि ट्यूबलाइट में इमोशनल की डोज़ कुछ ज़्यादा हो गयी थी, जिससे एंटरटेनमेंट में कमी आ गयी। इसीलिए भारत के प्रमोशंस के दौरान वो इस बात पर ज़ोर देते दिखे कि इसमें इमोशन ज़्यादा नहीं हैं, बल्कि ह्यूमर की हैवी डोज़ है। भारत कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का रीमेक है। सलमान ने बताया कि इसमें भारतीय दर्शकों की पसंद के हिसाब से बदलाव किये गये हैं।

भारत की टाइमलाइन लगभग 60 दशक का सफ़र तय करेगी। फ़िल्म की कहानी में आज़ादी के बाद की घटनाओं से लेकर 2010 तक की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को बैग्राउंड में दिखाया जाएगा। फ़िल्म में कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी और सुनील ग्रोवर अहम किरदारों में हैं। अब देखते हैं कि भारत सलमान के करियर को किस दिशा में लेकर जाती है।