मुंबई। Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकी हमलों को लेकर देशभर में रोष है। इन हमलों के पीछे पाकिस्तान का हाथ बताया जा रहा है। भारत सरकार ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए सिंधु नदी समझौते को रोक दिया है और पाकिस्तानी लोगों के वीजा पर रोक लगा दी है।
पहलगाम अटैक का असर फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म अबीर गुलाल की भारतीय रिलीज पर भी पड़ सकता है। यह फिल्म 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, मगर मौजूदा सेंटिमेंट्स को देखते हुए फिल्म की रिलीज पर तलवार लटक रही है।
इस बीच फवाद खान और वाणी कपूर ने सोशल मीडिया के जरिए पहलगाम में हुए आंतकी हमलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फवाद और वाणी ने की हमलों की निंदा
इंस्टाग्राम स्टोरी में फवाद ने लिखा- पहलगाम में जघन्य हमलों की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। इस भयावह घटना में हताहत हुए लोगों के परिजनों के लिए मेरी संवेदनाएं। मैं दुआ करता हूं कि इस मुश्किल घड़ी में ईश्वर उन्हें शक्ति दें।
यह भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: बॉलीवुड में रुक नहीं रहा आक्रोश का सिलसिला, सलमान खान बोले- स्वर्ग को नर्क बना दिया है…
यह भी पढ़ें: Abir Gulaal Teaser: आ गई ‘अबीर गुलाल’ की रिलीज डेट, 9 साल बाद फवाद खान की वाणी कपूर संग बॉलीवुड वापसी

पहलगाम में जब से मैंने हमले देखे हैं, सुन्न और नि:शब्द हूं। मेरी दुआएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।

भारत में शुरू हो गया फिल्म का विरोध
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट अशोक पंडित ने कहा- यह देश के खिलाफ युद्ध का एलान है। यह पहली बार नहीं हुआ है। 30 सालों से ऐसे हमले हो रहे हैं। हमने, संगठन के तौर पर, हाथ जोड़कर पाकिस्तानियों के साथ काम ना करने की अपील की थी।
वो कलाकार और कम्युनिटी जैसी बकवास वजह गिनाते हैं, लेकिन देश पहले आता है। लोग सोचते हैं कि अगर मेरे घर का आदमी नहीं मरा तो मुझे क्या। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अगर इस फिल्म की हीरोइन या मेकर्स के परिवार के किसी सदस्य को गोली लगती तो वो उसके (फवाद) के साथ काम नहीं करते।
फडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइजके अध्यक्ष बीएन तिवारी ने कहा कि अबीर गुलाल को भारत में रिलीज नहीं होने देंगे। अगर मेकर्स ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने कहा है कि अबीर गुलाल को महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होने देंगे।
अबीर गुलाल का निर्देशन आरती एस बागड़ी ने किया है, जबकि निर्माताओं में अ रिचर लेंस एंटरटेनमेंट, आरजे पिक्चर्स, इंडियन स्टोरीज मीडिया एंड एंटरटेनमेंट और सारेगामा म्यूजिक प्रा लि शामिल हैं।
22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में लगभग तीन बजे आतंकियों ने पर्यटकों पर गोलियां चलाईं, जिसमें 28 लोगों के मारे जाने की खबर है। इनमें कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं।