Mardaani 3 Release Date: अगले साल होली पर लौटेगी ‘मर्दानी’, फिलहाल देखिए रानी मुखर्जी के किरदार की पहली झलक

Rani Mukerji back as lady Singham. Photo- Instagram

मुंबई। Mardaani 3 Release Date: रानी मुखर्जी मर्दानी फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर लौटने वाली हैं। यशराज फिल्म्स ने सोमवार को फिल्म की रिलीज डेट के साथ रानी के किरदार की पहली झलक सोशल मीडिया में साझा की।

यशराज फिल्म्स की मर्दानी फ्रेंचाइजी हिंदी सिनेमा की प्रमुख महिला-केंद्रित फ्रेंचाइजी बन चुकी है। इस फ्रेंचाइजी की दो फिल्में आ चुकी हैं और अब तीसरी रिलीज के लिए तैयार है। रानी पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाती हैं।

कब रिलीज होगी मर्दानी 3?

यशराज फिल्म्स की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, मर्दानी 3 अगले साल होली के मौके पर 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 2026 में होली का त्योहार 4 मार्च (बुधवार) को मनाया जाएगा।

मर्दानी 3 का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, जो यशराज फिल्म्स के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े रहे हैं। आयुष गुप्ता ने फिल्म की कहानी लिखी है, जो इससे पहले यशराज की पहली वेब सीरीज द रेलवे मेन की कहानी लिख चुके हैं।

यह भी पढ़ें: Bhootnii Release Date: सिनेमाघरों में कुछ देर से पहुंचेगी ‘भूतनी’, जानें- क्यों टाली गई संजय दत्त स्टारर फिल्म की रिलीज?

फिल्म में रानी एक बार फिर बुराई से लड़ती नजर आएंगी।

2014 में हुई थी फ्रेंचाइजी की शुरुआत

मर्दानी फ्रेंचाइजी मुख्य रूप से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की कहानी दिखाती है। फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2014 में मर्दानी के साथ हुई थी, जिसे प्रदीप सरकार ने निर्देशित किया था।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और रानी को पर्दे पर एक अलग छवि प्रदान की थी। इस फिल्म में ताहिर राज भसीन ने नेगेटिव रोल निभाया था। इसकी कहानी वुमन ट्रैफिकिंग पर आधारित थी।

2019 में मर्दानी 2 रिलीज हुई, जिसे गोपी पुथरन ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में विशाल जेठवा ने नेगेटिव रोल निभाया था। मर्दानी भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। फिल्म में रानी का किरदार 21 साल के खतरनाक दुष्कर्मी और हत्यारे की तलाश करता नजर आता है।