Maa Release Date: शैतान को जवाब देने आ रही मां, माइथोलॉजिकल हॉरर फिल्म में काजोल निभाएंगी लीड रोल

Kajol plays lead in horror film Maa. Photo- screenshot

मुंबई। Maa Release Date: शैतान के बाद अजय देवगन एक और माइथोलॉजिकल हॉरर फिल्म लेकर आ रहे हैं, मगर इस बार शैतानी ताकतों से काजोल लड़ते हुए दिखेंगी। अजय ने फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर करके रिलीज डेट का एलान किया।

मोशन पोस्टर पर काजोल को दिखाया गया है, जो अपनी बेटी को सीने से चिपकाये हुए हैं। चेहरे और हाथों पर संघर्ष के निशान और बेटी के लिए सुरक्षा के भाव हैं। पृष्ठभूमि में एक तरफ शैतान है, दूसरी तरफ मां काली के विकराल स्वरूप की आकृति है।

कब रिलीज होगी मां?

मां 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसकी जानकारी मोशन पोस्ट के साथ दी गई है। अजय ने मोशन पोस्टर के साथ लिखा है- नर्क यहां है तो देवी भी। 27 जून को युद्ध छिड़ेगा। माइथोलॉजिकल हॉरर मां में अच्छाई के साथ बुराई की लड़ाई का अनुभव कीजिए।

काजोल स्टारर फिल्म इसी साल 27 जून को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और बंगाली भाषाओं में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: Inn Galiyon Mein Trailer: यह देश प्रणाम-सत श्री अकाल-सलाम से चलेगा, इंतकाम से नहीं चलेगा

विशाल फुरिया हैं निर्देशक

मां का निर्देशन विशाल फुरिया ने किया है, जिनकी हॉरर फिल्म छोरी काफी चर्चा में रही थी। फिल्म साइविन क्वाद्रास ने लिखी है। अब इसका सीक्वल भी आ रहा है। फिल्म का निर्माण अजय देवगन ने जिओ स्टूडियोज के साथ मिलकर किया है।

मां में काजोल के साथ रोनित रॉय, इंद्रनील सेनगुप्ता और खेरीन शर्मा प्रमुख किरदारों में हैं।

पिछले साल रिलीज हुई शैतान बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इस सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म में आर माधवन ने शैतान का रोल निभाया था।

तीन साल बाद बड़े पर्दे पर काजोल

मां के जरिए काजोल तीन साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली उनकी आखिरी फिल्म सलाम वेंकी है, जो 2022 में आई थी। इस फिल्म में भी काजोल ने मां का किरदार निभाया था, जो अपने बीमार बेटे के लिए जिंदगी से लड़ रही है।

2024 में काजोल दो पत्ती में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आईं। इस फिल्म में मुख्य भूमिका कृति सेनन ने निभाई थी। कृति डबल रोल में थीं और यह उनकी पहली होम प्रोडक्शन फिल्म भी थी।