Kesari 2 X Raid 2: ‘सिकंदर’ की शिकस्त से सहमा बॉलीवुड? एक-दूसरे की फिल्मों के प्रचार में जुटे अक्षय-अजय

Akshay Ajay promotes each other's films. Photo- Instagram

मुंबई। Kesari 2 X Raid 2: हिंदी सिनेमा इस समय बुरे दौर से गुजर रहा है। बड़े-बड़े सितारों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो रही हैं। दर्शक के मिजाज को भांपना फिल्ममेकर्स के लिए पहेली बनता जा रहा है। खासकर, नामी सितारों की गृह दशा इस वक्त खराब है।

किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि सलमान खान जैसे बैंकेबल स्टार की फिल्म का ऐसा हाल होगा। सलमान की फिल्म गिरते-पड़ते भी बॉक्स ऑफिस पर 150-200 करोड़ जुटा लेती है, मगर सिकंदर जिस तरह से रेंग रही है, उसने फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

30 मार्च को 27 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली फिल्म 10वें दिन सिर्फ 1.50 करोड़ ही जुटा पाती है, जबकि रिलीज से पहले इस फिल्म से पुष्पा 2 के रिकॉर्ड्स तोड़ने की उम्मीद की जा रही थी।

यह भी पढ़ें: Sikandar Box Office 7 Days: पहले हफ्ते में ही निकला ‘सिकंदर’ का दम, 7 दिनों में भी नहीं मिले 100 करोड़

अजय देवगन ने शेयर किया केसरी 2 का ट्रेलर

ऐसा लगता है कि सिकंदर के इस हाल ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को सकते में डाल दिया है। इसीलिए, अब एक-दूसरे का हाथ थामने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचता। हवा के रुख को अक्षय कुमार और अजय देवगन से बेहतर कौन भांप सकता है, जिनकी फिल्में अगले कुछ दिनों में रिलीज होने वाली हैं।

दोनों सितारे वैसे तो रियल लाइफ में भी अच्छे दोस्त हैं। पर्दे पर साथ भी आते रहे हैं। सोशल मीडिया में एक-दूसरे की फिल्मों (Kesari 2 X Raid 2) का प्रचार भी करते रहे हैं, मगर अब यह वक्त की जरूरत बन गया है।

18 अप्रैल को रिलीज हो रही केसरी का ट्रेलर हफ्ताभर पहले रिलीज हुआ था। तब अजय देवगन ने ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा था- भगत सिंह की लड़ाई सड़कों पर थी, यह कोर्टरूम में लड़ी गई। दोनों ने इतिहास बदल दिया।

केसरी चैप्टर 2 का ट्रेलर जारी हो गया है। अपने दोस्त एके (अक्षय कुमार) और पूरी टीम को ढेरों शुभकामनाएं। यह शानदार लग रहा है।

अक्षय ने किया रेड 2 को प्रमोट

अजय देवगन की फिल्म रेड 2 केसरी 2 (Kesari 2 X Raid 2) के दो हफ्ते बाद पहली मई को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। 8 अप्रैल को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था। आज (9 अप्रैल) को अक्षय ने रेड 2 का ट्रेलर शेयर करके अपने दोस्त को शुभकामनाएं दीं।

अक्षय ने लिखा- भाई, क्या ट्रेलर है! उम्मीद है कि तेरी 75वीं रेड थिएटर्स में 75 हफ्तों तक लेगी। रेड 2 के लिए शुभकामनाएं। और, बुराई तुम पर फब्ती है रितेश। रितेश देशमुख रेड 2 में विलेन हैं। वो अक्षय के साथ हाउसफुल सीरीज में काम करते रहे हैं।

अजय और अक्षय को आखिरी बार सिंघम अगेन में देखा गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ी विफलता रही। इस फिल्म में अक्षय ने कैमियो किया था।

अजय देवगन ने इससे पहले अंदाज अपना अपना का ट्रेलर भी शेयर किया था, जो दोबारा सिनेमाघरों में आ रही है। इस फिल्म में सलमान खान और आमिर खान लीड रोल्स में हैं। फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी हैं।

संतोषी के साथ अजय ने खाकी में काम किया था, जिसमें वो विलेन बने थे। अक्षय कुमार भी इस फिल्म का हिस्सा थे। अजय, आमिर के साथ इश्क में काम कर चुके हैं, जबकि सलमान के साथ उन्होंने हम दिल दे चुके सनम और लंदन ड्रीम्स में काम कर चुके हैं।

बॉलीवुड के लिए यह वक्त काफी संवेदनशील है। बड़े सितारों को अपनी चमक कायम रखने के लिए हर वो कदम उठाना होगा, जो कारोबार के लिए जरूरी है। खासकर, तब जबकि पुष्पा 2 जैसी तेलुगु फिल्म हिंदी में रिलीज होकर हाहाकार मचा देती है।