Jigra Teaser Trailer Out: उल्टी गिनती शुरू! भाई के लिए बहन का जिगरा देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे, Alia Bhatt का सबसे बड़ा एक्शन

मुंबई। एक भाई के लिए बहन किस हद तक जा सकती है, आलिया भट्ट की फिल्म जिगरा की कहानी का यही आधार है। फिल्म का एक्शन से भरा टीजर ट्रेलर रविवार को जारी कर दिया गया है, जिसमें आलिया अपने पुराने खांचे को तोड़कर सोलो एक्शन करते नजर आ रही हैं। वासन बाला निर्देशित फिल्म का निर्माण करण जौहर ने किया है। आलिया अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ सह-निर्माता भी हैं।

क्या है ट्रेलर की कहानी?

2 मिनट 49 सेकंड के टीजर ट्रेलर में सत्या (आलिया भट्ट) एक खास मिशन पर जाते हुए दिखाई गई हैं। यह मिशन है किसी विदेशी जेल में बंद अपने भाई को छुड़ाना। भाई के किरदार में वेदांग रैना हैं। टीजर ट्रेलर को देवानंद और जीनत अमान की चर्चित फिल्म हरे रामा हरे कृष्णा के लोकप्रिय गीत फूलों का तारों का सबका कहना है र काटा गया है।

पृष्ठभूमि में बजते इस गीत से जिगरा की कहानी का मूड सेट हो जाता है और टीजर ट्रेलर देखते हुए कहानी का फ्लो समझ में आने लगता है। अन्य कलाकारों में मनोज पाहवा नजर आते हैं, जो आलिया के मिशन में उनके सहयोगी या मेंटॉर हैं।

कब रिलीज होगी जिगरा?

जिगरा 11 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म थिएटर्स के बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।

आलिया की अन्य फिल्में

आलिया की भट्ट की आखिरी रिलीज रॉकी और रानी की प्रेम कहानी है, जो 2023 में आई थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इस फिल्म का निर्देशन करण जौहर ने किया था। रणवीर सिंह फिल्म में लीड हीरो थे। इस फिल्म में धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन ने भी अहम किरदार निभाये थे।

इसके बाद आलिया हॉलीवुड फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन में एक अहम भूमिका में दिखाई दी थीं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई थी और गल गदोत ने लीड रोल निभाया था। यह स्पाइ फिल्म थी। जिगरा आलिया की पहली फिल्म है, जिसमें वो फुल एक्शन अवतार में दिखेंगी। उन्होंने मेघना गुलजार की राजी की थी, जिसमें स्पाइ बनी थीं, मगर एक्शन नहीं किया था। बतौर निर्माता उनकी यात्रा डार्लिंग्स से शुरू हुई थी, जो नेटफ्लिक्स पर ही रिलीज हुई थी।