Bhool Bhulaiyaa 3 VS Singham Again: पीछे नहीं हटे कार्तिक आर्यन, इस Diwali ‘सिंघम’ और ‘रूह बाबा’ की टक्कर तय

मुंबई। 2024 की दिवाली धमाकेदार होने वाली है, क्योंकि रूह बाबा यानी कार्तिक आर्यन पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। बुधवार को भूल भुलैया 3 के मेकर्स ने फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर करके दिवाली पर रिलीज की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही फिल्म की अजय देवगन की फिल्म सिंघम अगेन से टक्कर भी पक्की हो गई है। दोनों ही इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्में हैं।

हॉरर कॉमेडी भूल भुलैया 3 इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। अनीस बज्मी ने फिल्म निर्देशित की है। इसका दूसरा भाग भी अनीस ने ही निर्देशित किया था, जिसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली थी। अब तीसरे भाग में कहानी आगे बढ़ेगी और मंजुलिका का दरवाजा खुलेगा।

फर्स्ट लुक पोस्टर जारी

पहले पोस्टर पर इसके संकेत दिये गये हैं। एक पुराना दरवाजा दिखाया गया है, जिस पर ताला लटका है और उस ताले पर रूद्राक्ष की माला कलावे के साथ लिपटी है, जैसे अभिमंत्रित किया गया हो। पोस्टर पर लिखा है- दरवाजा खुलेगा… इस दिवाली।

यह भी पढ़ें: The Sabarmati Report: अब 22 साल पुराने सच के लिए लड़ते नजर आएंगे Vikrant Messy, इस दिन रिलीज होगी ‘द साबरमती रिपोर्ट’

भूल भुलैया 3 में कार्तिक आर्यन के साथ तृप्ति डिमरी लीड रोल में है, जबकि ओरिजिनल मंजुलिका विद्या बालन की वापसी हो रही है। दूसरे भाग में तब्बू ने अंजुलिका और मंजुलिका के डबल रोल निभाये थे, जबकि कियारा आडवाणी फीमेल लीड थीं।

भूल भुलैया फ्रेंचाइजी की शुरुआत निर्देशक प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार के साथ की थी। फिल्म में अक्षय के साथ विद्या बालन, शाइनी आहूजा और अमीषा पटेल मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म आज भी कल्ट मानी जाती है। दूसरे भाग से अक्षय कुमार को कार्तिक ने रिप्लेस कर दिया।

सिंघम अगेन से टक्कर

दिवाली पर भूल भुलैया 3 की टक्कर अब सिंघम अगेन से कन्फर्म हो गई है। सिंघम अगेन भी बॉलीवुड की सुपरहिट फ्रेंचाइजी है, जो रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा है। संयोग से सिंघम अगेन भी इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जबकि कॉप यूनिवर्स की पांचवी।

सिंघम अगेन में अजय देवगन के साथ दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह नजर आएंगे। फिल्म में अर्जुन कपूर और जैकी श्रॉफ नेगेटिव रोल्स में हैं।