मुंबई: पिछले कई दिनों से एक क्रूज़ प्रियंका चोपड़ा का बसेरा बना हुआ है, जिस पर वो ज़ोया अख़्तर की फ़िल्म ‘दिल धड़कने दो’ की शूटिंग कर रही हैं। प्रियंका इस जहाज की इतनी आदी हो गई हैं, कि अब उन्हें यही क्रूज़ अपना घर लगने लगा है। आख़िर इसी घर में तो उनकी पूरी ‘फ़ैमिली’ है।

फ़िल्म की शूटिंग पिछले महीने शुरू हुई थी, और तभी से प्रियंका क्रूज़ पर हैं। उनके साथ रणवीर सिंह और अनिल कपूर भी क्रूज़ पर शूट कर रहे हैं। फ़िल्म में रणवीर प्रियंका के भाई के रोल में हैं, जबकि अनिल इन दोनों के पिता का क़िरदार निभा रहे हैं। फ़िल्म में अनुष्का शर्मा, शेफाली छाया और फ़रहान अख़्तर भी मुख्य क़िरदार निभा रहे हैं।

फ़िल्म में क्रूज़ के ज़रिए स्पेन, टर्की, इटली और फ्रांस की जर्नी दिखाई जाएगी। अपने पिता डॉ. अशोक चोपड़ा के नाम पर बनाई गई एक सड़क का लोकार्पण करने प्रियंका हाल ही में एक दिन की छु्ट्टी लेकर मुंबई आई थीं। और फिर वापस क्रूज़ पर लौट गई हैं।
‘दिल धड़कने दो’ हिंदी सिनेमा की पहली फ़िल्म होगी, जो इतने लंबे अर्से तक क्रूज़ पर शूट की जा रही है। इससे पहले फ़िल्मों में क्रूज़ को दिखाया गया है, लेकिन कुछ सींस के लिए। ज़ोया की इस फ़िल्म में क्रूज़ अहम् रोल अदा कर रहा है।