मुबंई। Chhaava Box Office: विक्की कौशल की फिल्म छावा ने आखिरकार 600 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है। हालांकि, फिल्म को इस मुकाम तक पहुंचने में पूरे 66 दिन लगे। इस बीच छावा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी आ चुकी है। छावा हिंदी सिनेमा की तीसरी फिल्म है, जो इस क्लब में शामिल हुई है।
छावा से आगे शाह रुख खान की जवान और राजकुमार राव-श्रद्धा कपूर की स्त्री 2 ही हैं। 2023 में रिलीज हुई जवान ने 643.87 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि 2024 में आई स्त्री 2 ने 627.02 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया।
दसवें हफ्ते में चल रही छावा
14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म 10वें हफ्ते में चल रही है। फिल्म ने दसवें वीकेड (18-20 अप्रैल) में 30 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका 66 दिनों का नेट कलेक्शन 600.10 करोड़ हो गया।
छावा ने पहले हफ्ते में 225.28 करोड़, दूसरे में 186.18 करोड़, तीसरे में 84.94 करोड़, चौथे में 43.98 करोड़, पांचवें में 31.02 करोड़, छठे में 15.60 करोड़, सातवें में 7 करोड़, आठवें में 3.50 करोड़ औल नौंवें हफ्ते में 2.30 करोड़ नेट कलेक्शन किया।
यह भी पढ़ें: Kesari 2 Box Office Day 3: ‘स्काय फोर्स’ से भी खराब ‘केसरी 2’ की शुरुआत, ‘जाट’ से बेहतर ओपनिंग वीकेंड
2025 की सबसे बड़ी फिल्म छावा
छावा 2025 की अभी तक सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। फिलहाल यह रिकॉर्ड टूटता नहीं दिख रहा। सनी देओल की जाट, सलमान खान की सिकंदर और अक्षय कुमार की केसरी चैप्टर 2 से उम्मीद थी कि ये फिल्में छावा को चुनौती दे सकती हैं।
सिकंदर पहले ही ही रेस से बाहर हो चुकी है। जाट और केसरी 2 की मौजूदा रफ्तार से यह मुमकिन नहीं लगता कि यह फिल्में इतना बड़ा कलेक्शन पर पाएंगी।
इस साल की टॉप 5 फिल्मों की बात करें तो लिस्ट इस प्रकार बनती है-
- छावा- 600.10 करोड़ (विक्की कौशल)
- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़ (अक्षय कुमार)
- सिकंदर- 103.45 करोड़ (सलमान खान)
- जाट- 75.18 करोड़ (सनी देओल)
- द डिप्लोमैट- 39.75 करोड़ (जॉन अब्राहम)
यह अभी तक के आंकड़े हैं। इनमें से कई फिल्में अभी भी सिनेमाघरों में चल रही हैं। इसलिए लाइफ टाइम कलेक्शंस में बदलाव हो सकता है।
छावा का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि दिनेश विजन ने मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले निर्माण किया है। फिल्म में विक्की कौशल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति सम्भाजी महाराज का किरदार निभाया है।
रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी येसुबाई भोंसले के रोल में हैं। अक्षय खन्ना ने मुगल शहंशाह औरंगजेब का किरदार निभाया। फिल्म में आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता, विनीत कुमार सिंह, नील भूपालम, डायना पेंटी, प्रदीप रावत, किरन करमाकर भी अहम किरदारों में नजर आये।