Kesari Chapter 2: पैनडेमिक के बाद बिगड़ा खिलाड़ी का खेल, क्या ‘केसरी 2’ से लौटेंगे अक्षय कुमार के अच्छे दिन?

Akshay Kumar box office history post pandemic. Photo- Instagram

मुंबई। Kesari Chapter 2: कोरोना वायरस पैनडेमिक ने हिंदी सिनेमा को जो चोट पहुंचाई, उससे इंडस्ट्री अभी तक उबर नहीं सकी है। पैनडेमिक के दौरान बार-बार लॉकडाउन लगने से थिएट्रिकल कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं, दर्शकों की व्यूइंग हैबिट में भी काफी बदलाव आया।

सिनेमाघरों से दर्शक की दूरी बढ़ी। रही-सही कसर ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रसार ने पूरी कर दी। किसी फिल्म को लेकर दर्शक जरा भी संशय में होता है तो वो उसे थिएटर में देखने नहीं जाता, बल्कि ओटीटी पर आने का वेट करता है।

नतीजतन, हालात सामान्य होने के बावजूद दर्शक को सिनेमाघरों तक लाने के लिए निर्माताओं, थिएटर मालिकों और कलाकारों को खासी मेहनत करनी पड़ रही है।

इसी क्रम में पैनडेमिक के बाद मल्टीप्लेक्सेज में नेशनल सिनेमा डे का दौर शुरू हुआ। टिकटों के दामों पर 99 रुपये और 150 रुपये के ऑफर जारी होने लगे। इन इलाजों का असर फौरी तौर पर दिखता है, मगर सिनेमा कारोबार की बीमारी पूरी तरह ठीक नहीं हो पाती।

अक्षय को हुआ सबसे बड़ा नुकसान

फिल्मों के कारोबार में आये इस बदलाव से सबसे बड़ा नुकसान सितारों के स्टारडम और बॉक्स ऑफिस पर उनकी साख को हुआ है। इन सितारों में भी सबसे ज्यादा असर अक्षय कुमार पर पड़ा है।

2020 में पैनडेमिक से पहले जो अक्षय हिट मशीन बने हुए थे, वही अक्षय 2021 से अब तक 8 फ्लॉप दो चुके हैं।

साल में उनकी 3-4 फिल्में आती थीं, जिनमें कम से कम एक हिट रहती थी और बाकी भी निर्माताओं को फायदा देकर जाती थीं, मगर पैनडेमिक ने अक्षय के करियर का नक्शा ही बदलकर रख दिया है। हालत यह है कि वो एक बड़ी कामयाबी के लिए जूझ रहे हैं, जो उनके कद को जस्टिफाई करती हो।

अक्षय की विफलताओं की गिनती करते वक्त यह भी याद रखना होगा कि 2021 में पैनडेमिक की दूसरी लहर गुजरने के बाद जब सिनेमाघरों से लॉकडाउन हटा तो पहली सुपरहिट (सूर्यवंशी) देने वाले सितारे भी अक्षय कुमार ही हैं।

मगर, लीड रोल में अक्षय की यह आखिरी सफलता थी। इसके बाद उन्होंने फ्लॉप फिल्मों की झड़ी लगा दी। आइए, केसरी चैप्टर 2 (Kesari Chapter 2) की रिलीज से पहले जानते हैं कि पैनडेमिक बीतने के बाद कैसा रहा अक्षय का बॉक्स ऑफिस ग्राफ।

यह भी पढ़ें: April Movies In Cinemas: अप्रैल में तय होगा ‘सिकंदर’ का मुकद्दर, ‘जाट’ लाएगा बॉक्स ऑफिस पर सुनामी?


लॉकडाउन खुलने के बाद सुपरहिट शुरुआत

2021 में अक्षय की दो फिल्में बेलबॉटम और सूर्यवंशी रिलीज हुईं। यहां बेलबॉटम को रियायत दी जा सकती है, क्योंकि लॉकडाउन में आंशिक ढील के दौरान 19 अगस्त 2021 को रिलीज हुई थी। उस वक्त महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में लॉकडाउन नहीं हटा था, जो हिंदी फिल्मों के कारोबार का सबसे बड़ा बाजार है।

फिल्म एक महीना ही थिएटर्स में चली थी। इसके बाद सितम्बर में यह ओटीटी पर आ गई थी। हालांकि, 22 अक्टूबर 2021 को लॉकडाउन खुलने के बाद महाराष्ट्र में भी रिलीज हुई थी, मगर तब तक फिल्म का निचुड़ चुकी थी।

इसके बाद 2021 में दिवाली के मौके पर आई रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी, जिसके साथ अक्षय रोहित के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा बने और यह फिल्म सुपरहिट रही। पैनडेमिक के बाद हिंदी सिनेमा की पहली सुपरहिट अक्षय कुमार ने दी।

इस सुपरहिट के साथ अक्षय की सुपरफ्लॉप फिल्मों का सिलसिला शुरू हुआ।

2022 में माइथोलॉजी काम आई ना इतिहास

2022 में अक्षय की पहली रिलीज बच्चन पांडेय थी, जो 18 मार्च को रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने 13.25 करोड़ की ठीकठाक ओपनिंग ली, मगर लगभग 50 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन करके ढेर हो गई।

दूसरी रिलीज सम्राट पृथ्वीराज 3 जून को रिलीज हुई थी। 10.70 करोड़ की ठीकठाक ओपनिंग लेकर यह फिल्म फ्लॉप रही। फिल्म ने 68 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। इस फिल्म का निर्माता यशराज फिल्म्स थे।

11 अगस्त को रक्षा बंधन रिलीज हुई। फिल्म ने 8.20 करोड़ की ओपनिंग ली और 44.39 करोड़ कमाकर फ्लॉप घोषित हुई।

2022 में अक्षय की आखिरी फिल्म राम सेतु 25 अक्टूबर को रिलीज हुई थी। फिल्म को 15.25 करोड़ की बढ़िया ओपनिंग मिली, मगर 71.87 करोड़ का लाइफ टाइम कारोबार करके फिल्म औसत रही।

डिजास्टर के साथ हुआ 2023 का आगाज

साल बदला, मगर अक्षय की फिल्मों का नसीब नहीं। 2023 में उनकी पहली रिलीज सेल्फी थी, जिसमें इमरान हाशमी उनके जोड़ीदार रहे। यह अक्षय की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल रही।

24 फरवरी को आई सेल्फी ने सिर्फ 2.55 करोड़ की ओपनिंग ली और 16.85 करोड़ के कलेक्शन पर सिमट गई।

अक्षय के इस लड़खड़ाते ग्राफ को ओएमजी 2 ने संभाला, जो 11 अगस्त को रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने 10.16 करोड़ की ओपनिंग लेकर 150.17 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया और सुपर हिट रही।

मगर, यहां गौर करने वाली बात यह है कि इस फिल्म के लीड एक्टर पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम थे। अक्षय की भूमिका एक्सटेंडेड स्पेशल एपीयरेंस के तौर पर रही।

6 अक्टूबर को मिशन रानीगंज आई, जो खदान ढहने की एक सत्य घटना से प्रेरित थी। मगर, इस फिल्म ने फ्लॉप की लिस्ट लम्बी कर दी। मिशन रानीगंज 2.80 करोड़ की ओपनिंग लेकर 33.74 करोड़ पर सिमट गई।

2024 रहा 100% फ्लॉप

2024 शुरू हुआ तो एक बार खिलाड़ी के दिन बदलने की आस जगी, क्योंकि आने वाली थी बड़े मियां छोटे मियां। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में अक्षय के साथ दूसरे एक्शन सितारे टाइगर श्रॉफ दे रहे थे। मगर, यह फिल्म बड़े और छोटे, दोनों के करियर को डुबो गई।

11 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म को 16.07 करोड़ की ओपनिंग मिली थी, मगर 59.17 करोड़ बटोरकर पैकअप हो गई।

12 जुलाई को तमिल फिल्म सूराराई पोट्टरू की रीमेक सिरफिरा रिलीज हुई। इस फिल्म को सिर्फ 2.50 करोड़ की ओपनिंग मिली और 22 करोड़ के आसपास पहुंचकर पानी मांग गई। यह अक्षय के फैंस के लिए बहुत बड़ा झटका था।

15 अगस्त को खेल खेल में रिलीज हुई। इस मल्टीस्टारर फिल्म ने 5.23 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर 40.36 करोड़ की कमा सकी। खेल खेल में फ्लॉप रही।

हालांकि, जब यह फिल्म ओटीटी पर आई तो लोगों ने इसकी तारीफ की। हैरानी भी जताई कि थिएटर्स में फिल्म चली क्यों नहीं।

क्या Kesari Chapter 2 लाएगी अच्छे दिन?

2025 में अक्षय की एक फिल्म स्काय फोर्स जनवरी में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में अक्षय के साथ वीर पहाड़िया थे, जिन्होंने डेब्यू किया।

इस फिल्म को 15.30 करोड़ की ओपनिंग मिली और 131 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। बजट के लिहाज से इस फिल्म को सफल नहीं माना गया है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से इस संबंध में कुछ नहीं कहा गया है।

अब 18 अप्रैल को अक्षय की दूसरी फिल्म केसरी चैप्टर 2 आ रही है। इस फिल्म की कहानी जलियांवाला बाग नरसंहार से निकली है और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे चैप्टर को खोलती है, जिसके बारे में लोगों को कम जानकारी है।

यह भी पढ़ें: Debutant Directors: ओटीटी की क्लास में अव्वल रहने के बाद फिल्मों का इम्तेहान, Kesari 2 से करण सिंह त्यागी देंगे पहला एग्जाम

करण सिंह त्यागी निर्देशित फिल्म (Kesari Chapter 2) ब्रिटिश हुकूमत से कानूनी लड़ाई लड़ने वाले बैरिस्टर सर सी शंकरन नायर के जज्बे को दिखाती है। इस फिल्म में आर माधवन अक्षय के साथ हैं।

फिल्म को सत्ता पक्ष का सपोर्ट भी मिल रहा है। ट्रेड की नजर अब इस फिल्म पर है कि केसरी 2 क्या अक्षय कुमार के अच्छे दिन लौटाएगी? हमें भी इंतजार है।