मुंबई। Jaat Box Office Day 6: सनी देओल की फिल्म जाट की रफ्तार उम्मीदों के मुताबिक तो नहीं है, फिर भी पहले हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर डटी हुई है। छुट्टियों का लम्बा दौर खत्म होने के बाद मंगलवार को फिल्म के कलेक्शंस में गिरावट आई, मगर सोमवार के मुकाबले गिरावट ज्यादा नहीं है।
छठे दिन 50 करोड़ के पार जाट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार रात 10 बजे तक जाट ने लगभग 6 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है, जिसके साथ फिल्म 50 करोड़ के पड़ाव को पार चुकी है।
हालांकि, इससे पहले सोमवार को अम्बेडकर जयंती की छुट्टी होने के बावजूद सनी देओल की फिल्म 7.30 करोड़ ही जुटा सकी थी। सोमवार के कलेक्शन के बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर जाट का 5 दिनों का नेट कलेक्शन 47.92 करोड़ हो गया है।
यह भी पढ़ें: Jaat Box Office Day 4: बैसाखी पर ‘जाट’ के ठाठ! 10 सालों में ‘गदर 2’ के बाद Sunny Deol की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म
गोपीचंद मालिनेनी निर्देशित जाट 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में गुरुवार को रिलीज हुई थी। फिल्म को 9.62 करोड़ की ओपनिंग मिली। इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 7 करोड़, शनिवार को 9.95 करोड़ और रविवार को 14.05 करोड़ नेट कलेक्शन किया।
चार दिनों के विस्तारित वीकेंड में जाट ने 40.62 करोड़ जमा कर लिये थे, जो फिल्म की हाइप को देखते हुए काफी कम रहा।
10 सालों में सनी का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन
गदर 2 के बाद सनी ने इस फिल्म के साथ बॉक्स ऑफिस पर वापसी की है। फिल्म का ट्रेलर आने के बाद ट्रेड को यकीन होने लगा था कि जाट बड़ा कलेक्शन कर सकती है, मगर सिंगल डिजिट ओपनिंग ने सारी आशाओं पर तुषारापात कर दिया।
वैसे, जाट पिछले 10 सालों में सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। गदर 2 से पहले फ्लॉप की मार से जूझ रहे सनी की कोई फिल्म 50 करोड़ के पड़ाव को पार नहीं कर सकी थी। अगर, इस लिहाज से देखें तो जाट उनके लिए सफल फिल्म है।
2025 की टॉप 10 फिल्में
अगर सिर्फ इस साल अब तक रिलीज हुई फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस की तुलना करें तो जाट चौथे स्थान पर है।
- छावा- 597.12 करोड़
- स्काइ फोर्स- 131.44 करोड़
- सिकंदर- 102.90 करोड़
- जाट- 53 करोड़*
- द डिप्लोमैट- 38.43 करोड़
- देवा- 32.07 करोड़
- इमरजेंसी- 16.52 करोड़
- फतेह- 12.85 करोड़
- क्रेजी- 11.09 करोड़
- बैडएस रवि कुमार- 9.66 करोड़
(बॉक्स ऑफिस के आंकड़े बॉलीवुड हंगामा से लिये गये हैं)
शुक्रवार से केसरी 2 की चुनौती
फिल्म का आगे का सफर पहले हफ्ते में तय हो जाएगा। पहले हफ्ते में जाट के सामने कोई चुनौती नहीं है, मगर 18 अप्रैल से केसरी चैप्टर 2 जाट के रास्ते में खड़ी होगी। अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म पीरियड ड्रामा है। अगर केसरी 2 चल गई तो जाट का सीधा नुकसान होगा।