Jaat Box Office Day 4: बैसाखी पर ‘जाट’ के ठाठ! 10 सालों में ‘गदर 2’ के बाद Sunny Deol की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म

Jaat Box Office Collection Day 4. Photo- Instagram

मुंबई। Jaat Box Office Day 4: सनी देओल की फिल्म जाट ने वीकेंड में आखिरकार वो रफ्तार पकड़ ही ली, जिसकी आस लगाई जा रही थी। रविवार को बैसाखी के मौके पर जाट ने बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचा दिया है, जिसके चलते फिल्म को मजबूत ओपनिंग वीकेंड मिला।

चार दिनों के ओपनिंग वीकेंड में फिल्म 40 करोड़ से ज्यादा जुटाने में सफल रही है।

40 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड

जाट 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। महावीर जयंती की छुट्टी होने के कारण फिल्म 9.62 करोड़ की ओपनिंग लेने में सफल रही। हालांकि, 11 अप्रैल शुक्रवार को वर्किंग डे होने की वजह से जाट की कमाई गिरी और फिल्म 7 करोड़ ही जुटा पाई।

तीसरे दिन शनिवार को सनी देओल की फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ी और 9.95 करोड़ का नेट कलेक्शन किया।

रिलीज के चौथे दिन रविवार को फिल्म ने जोरदार रफ्तार पकड़ी। बैसाखी का त्योहार होने की वजह से जाट को सपोर्ट मिला और 14.05 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया। इसे मिलाकर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर जाट का 4 दिनों का नेट कलेक्शन 40.62 करोड़ हो गया।

यह भी पढ़ें: Jaat Box Office Day 2: शुक्रवार को गिरी सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ की कमाई, शनिवार को होगी भरपाई?

आज सोमवार को अम्बेडकर जयंती का अवकाश होने के कारण उम्मीद है कि फिल्म की यह रफ्तार बनी रहेगी और जाट बड़ा कलेक्शन अपने नाम करेगी।

10 सालों में सनी की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी जाट

खास बात यह है कि 40 करोड़ के ओपनिंग वीकेंड के साथ जाट पिछले 10 सालों में सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। पहले स्थान पर 2022 में आई गदर 2 है।

रविवार को जाट ने 2016 में रिलीज हुई घायल वंस अगेन के लाइफ टाइम कलेक्शन (35.70 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है, जो गदर 2 की रिलीज से पहले उनका सबसे बड़ा कलेक्शन था। इस फिल्म का निर्देशन भी सनी ने ही किया था।

2015 से 2025 तक रिलीज हुई सनी की फिल्मों के लाइफ टाइम कलेक्शन इस प्रकार हैं-

फिल्मसाललाइफ टाइम कलेक्शन
आइ लव एनवाइ20151.54 करोड़
घायल वंस अगेन201635.70 करोड़
पोस्टर ब्वॉयज201712.73 करोड़
यमला पगला दीवाना फिर से20189.60 करोड़
मोहल्ला अस्सी20181.64 करोड़
भैयाजी सुपरहिट20186.25 करोड़
ब्लैंक20195.15 करोड़
चुप 20229.75 करोड़
गदर 22022525.45 करोड़

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाट महानगरों के मुकाबले छोटे शहरों और कस्बों में अच्छा कारोबार कर रही है। हालांकि, रविवार को महानगरों में भी फिल्म के कलेक्शंस में उछाल देखने को मिला है।

जाट का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स ने किया है, जबकि निर्देशक गोपीचंद मालिनेनी हैं। सनी का यह साउथ डेब्यू है तो मालिनेनी का हिंदी डेब्यू। फिल्म में रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह, रेजिना कैसेंड्रा और संयमी खेर प्रमुख किरदारों में हैं।