Jaat Box Office Day 1: सनी देओल के करियर की दूसरी और 2025 की चौथी सबसे बड़ी ओपनर बनी ‘जाट’

Jaat Box Office Collection Day 1. Photo- Instagram

मुंबई। Jaat Box Office Day 1: सनी देओल की ताजा रिलीज ‘जाट’ ने बॉक्स ऑफिस पर सधी हुई शुरुआत की है। ‘गदर 2’ के मुकाबले फिल्म की ओपनिंग हल्की रही, मगर 2025 की चौथी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है।

जाट को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। ज्यादातर ने सनी के एक्शन और कलाकारों के अभिनय की तारीफ की है, मगर कहानी को लेकर फिल्म को अच्छे मार्क्स नहीं मिले।

9.62 करोड़ की ओपनिंग

गुरुवार को महावीर जयंती की छुट्टी पर रिलीज हुई ‘जाट’ ने पहले दिन 9.62 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। यह सनी देओल के करियर की सबसे बड़ी रिलीज फिल्म है, जिसे साढ़े तीन हजार से ज्यादा थिएटर्स में उतारा गया है।

पहले दिन मॉर्निंग शोज में फिल्म के लिए दर्शकों का रुझान धीमा रहा, मगर दोपहर, शाम और नाइट शोज में दर्शकों की तादाद बढ़ती चली गई। इस लिहाज से माना जा रहा है कि शुक्रवार को फिल्म बड़ा कलेक्शन कर सकती है।

इस साल रिलीज हुई फिल्मों से तुलना करें तो जाट ओपनिंग के लिहाज से चौथे स्थान पर रही है।

यह भी पढ़ें: Kesari 2 X Raid 2: ‘सिकंदर’ की शिकस्त से सहमा बॉलीवुड? एक-दूसरे की फिल्मों के प्रचार में जुटे अक्षय-अजय

  • सबसे बड़ी ओपनिंग विक्की कौशल की छावा के नाम है, जिसने 33 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था।
  • दूसरे स्थान पर सलमान खान की सिकंदर है, जिसने 27.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
  • तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार की स्काय फोर्स है, जिसे 15.30 करोड़ की ओपनिंग मिली थी।

सनी के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग

गदर 2 के बाद जाट सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म है। 2022 में आई गदर 2 ने 40 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी। इससे पहले सनी का करियर लगातार फ्लॉप फिल्मों से जूझ रहा था।

गदर 2 से पहले उनकी आखिरी हिट फिल्म यमला पगला दीवाना थी, जिसमें बॉबी देओल और धर्मेंद्र भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। 2011 में आई इस फिल्म ने 7.95 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था।

जाट सनी की पहली पैन इंडिया फिल्म है। इसका निर्माण पुष्पा 2 बनाने वाली निर्माता कम्पनी मैत्री मूवी मेकर्स ने किया है, जबकि निर्देशक गोपीचंद मालिनेनी हैं, जिनका यह हिंदी डेब्यू है। फिल्म हिंदी के साथ साउथ में भी रिलीज की गई है।

फिल्म में रणदीप हुड्डा ने विलेन का किरदार निभाया है, जबकि रेजिना कैसेंड्रा, विनीत कुमार सिंह और संयमी खेर अहम किरदारों में हैं।

कल का दिन अहम

कल का दिन जाट के लिए बेहद अहम है। अगर शुक्रवार को फिल्म के कलेक्शन में उछाल आया तो इसका असर वीकेंड के बाकी दिनों में भी दिखेगा और फिल्म बड़े कलेक्शन की ओर बढ़ सकती है। हालांकि, कल वर्किंग डे है। कलेक्शंस प्रभावित हो सकते हैं।