मुंबई। Raid 2 Trailer: गोलमाल, सिंघम और दृश्यम के अलावा अजय देवगन रेड फ्रेंचाइजी के लिए भी जाने जाते हैं। इस फ्रेंजाइजी की शुरुआत 2018 में हुई थी और अब इसका सीक्वल आ रहा है अजय देवगन ईमानदार और तेजतर्रार इनकम टैक्स अधिकारी अमय पटनायक के किरदार में सात साल बाद वापसी कर रहे हैं।
2018 में आई रेड की सीक्वल रेड 2 में अमय अपने करियर की 75वीं रेड डाल रहा है, मगर इस बार मामला अलग है। फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया।
अमय पटनायक VS दादा भाई
रेड 2 की कहानी पहली फिल्म के सात साल बाद के काल खंड में दिखाई गई है। पहली फिल्म में लखनऊ के बाहुबली नेता रामेश्वर राजा जी सिंह बने सौरभ शुक्ला के घर रेड दिखाई गई थी। उसी किरदार के जरिए रेड 2 की कहानी का काल खंड स्थापित किया गया है।
अमय पटनायक इस बार दादा मनोहर भाई के यहां रेड डाल रहा है। दादा भाई के किरदार में रितेश देशमुख हैं, जो रामेश्वर राजा जी सिंह से भी बड़ा बाहुबली और शातिर दबंग नेता है। दादा भाई का कार्य क्षेत्र भोज दिखाया गया है। दादा भाई, रामेश्वर सिंह का भतीजा है।
यह भी पढ़ें: April Movies In Cinemas: अप्रैल में तय होगा ‘सिकंदर’ का मुकद्दर, ‘जाट’ लाएगा बॉक्स ऑफिस पर सुनामी?
अमय पटनायक अपने पूरे लाव लश्कर के साथ दादा भाई के घर रेड डालने पहुंचता है, मगर इस बार हालात पहले से ज्यादा पेचीदे हैं। दादा भाई बाहुबल में कहीं आगे है। अमय पटनायक की यह रेड आसान नहीं होगी।
फिल्म में सुप्रिया पाठक, रजत कपूर, वाणी कपूर भी अहम किरदारों में हैं। ट्रेलर में सौरभ शुक्ला रेड की पृष्ठभूमि को स्थापित करने का काम करते हैं, जिससे दर्शक रेड से जुड़ जाता है।
अजय देवगन और रितेश देशमुख पहली बार पर्दे पर आमने-सामने नजर आएंगे। हालांकि, दोनों कॉमेडी फिल्मों में साथ कर चुके हैं। पहली बार 2004 की फिल्म मस्ती में दोनों ने स्क्रीन स्पेस शेयर किया था। इस फिल्म में अजय पुलिस अधिकारी के रोल में थे।
इसके बाद कैश और टोटल धमाल में अजय देवगन और रितेश देशमुख ने स्क्रीन स्पेस शेयर किया था।
कब रिलीज होगी फिल्म?
रेड 2 का निर्माण भूषण कुमार, कुमार मंगत पाठक, अभिषेक पाठक और कृष्ण कुमार ने किया है। फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया गया है और यह पैनोरमा स्टूडियोज का प्रोडक्शन है। रेड 2 एक मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
राज कुमार गुप्ता द्वारा निर्देशित रेड 2 इस साल अजय देवगन की दूसरी रिलीज फिल्म है। जनवरी में आई आजाद में वो अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले बागी के किरदार में दिख चुके हैं। हालांकि, उस फिल्म में उनका किरदार कैमियो तक सीमित रहा।