मुंबई। Manoj Kumar Death News: हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार को गुरुवार देर रात करीब 3.30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल में निधन हो गया। 87 साल के लीजेंड्री अभिनेता के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूबी है।
तमाम सितारों और फिल्मकारों ने उनके काम को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किये हैं। शाह रुख खान ने भी मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी, मगर यूजर्स ने उस मानहानि केस की याद दिलवा दी, जो मनोज कुमार ने शाह रुख के खिलाफ ठोका था।
शाह रुख ने एक्स पर लिखी पोस्ट
शाह रुख ने एक्स पर लिखा- मनोज कुमार जी ने ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने देश और सिनेमा का मान बढ़ाया। साथ ही, पूरी शिद्दत के साथ एकता के सूत्र में पिरोया। हर तरह से एक लीजेंड। उनकी फिल्मों ने एक युग को आकार दिया और सिनेमा पर छाप छोड़ी। शुक्रिया सर। आप हमारे लिए हमेशा भारत रहेंगे।
यह भी पढ़ें: Manoj Kumar Death: मनोज कुमार के निधन से शोक में बॉलीवुड, सिनेमा को दिखाई देशप्रेम की राह
Manoj Kumar ji made films that uplifted our country, our cinema, and focused on unity with unmatched sincerity. A legend in every sense. His films shaped an era and left a mark on our cinema. Thank you, sir. You will always be ‘Bharat’ to us.
— Shah Rukh Khan (@iamsrk) April 4, 2025
शाह रुख की इस पोस्ट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इनमें से कई फैंस ने शाह रुख के साथ मनोज कुमार को याद किया तो कुछ फैंस उस केस की याद दिलाने से बाज नहीं आए, जिसको लेकर कई साल पहले मनोज कुमार ने किंग खान को अदालत में घसीटा था।
एक यूजर ने लिखा- मनोज कुमार, जिन्हें अक्सर भारत कुमार कहा जाता था, पूरब और पश्चिम और क्रांति जैसी देशभक्ति से भरी फिल्मों के लिए याद किये जाते हैं। इन फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को एकता और राष्ट्रीय गौरव से आकार दिया। ऐसा विकिपीडिया में लिखा है।
शाह रुख खान की 2007 की फिल्म ओम शांति ओम में कुमार के सिग्नेचर पोज की नकल की गई थी, जिसके बाद मानहानि का मुकदमा दर्ज हुआ। हालांकि, खान ने बाद में माफी मांगी, यह कहते हुए कि यह मनोज कुमार को एक श्रद्धांजलि थी।

क्या था मानहानि केस?
शाह रुख खान की फिल्म ओम शांति ओम 2007 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने डेब्यू किया था, जबकि फराह खान ने निर्देशित किया था। ओम शांति ओम की कहानी पुनर्जन्म और बदले पर आधारित थी, जिसमें नायक और नायिका, दोनों दोबारा जन्म लेते हैं।
पहले जन्म में शाह रुख जूनियर आर्टिस्ट बने थे, जो एक फिल्मी पार्टी में एंट्री लेने के लिए मनोज कुमार के अंदाज में अपना चेहरा हथेली से ढककर एंट्री लेने की कोशिश करता है, मगर पकड़ा जाता है।
मनोज कुमार की आपत्ति के बाद इस दृश्य को फिल्म से हटा दिया गया था। शाह रुख ने माफी मांगी और मीडिया से कहा- मैं पूरी तरह गलत था। अगर उन्हें चोट पहुंची तो मैं माफी मांगता हूं। मैंने दोपहर में उन्हें फोन किया था, और पहली बात जो उन्होंने कही, बेटे ये कोई बड़ी बात नहीं है।
Rest In peace Manoj Sir🙏🏻💐 pic.twitter.com/OSr6wH3SPa
— SRKian Vishu🖤🙋🏻 (@KhatriVishu7) April 4, 2025
मगर, असली समस्या 2013 में हुई, जब ओम शांति ओम जापान में रिलीज होने वाली थी। इस वर्जन में मनोज कुमार वाला दृश्य नहीं हटाया गया था। इस बार मनोज कुमार ने शाह रुख खान और इरोस इंटरनेशनल पर 100 करोड़ की मानहानि का मुकदमा ठोका।
मनोज कुमार के वकील ने तब कहा था कि उन्होंने (शाह रुख) मनोज कुमार से वादा किया था, मगर जापान में इस दृश्य को नहीं हटाया। वो इस बार कोई समझौता नहीं करेंगे।
मनोज कुमार ने भी तब कहा था- उन दृश्यों को हटाये बिना फिल्म को जापान में रिलीज किया गया है। मैंने उन लोगों को दो बार माफ कर दिया, लेकिन इस बार नहीं। उन्होंने मेरा अपमान किया है। उन्होंने अदालत की भी अवमानना की है, क्योंकि 2008 में कोर्ट ने उनसे वो दृश्य हमेशा के लिए सभी प्रिंट्स और प्रसारण सामग्री से हटाने के लिए कहा था।

हालांकि, लम्बी कानूनी लड़ाई के बाद मनोज कुमार ने केस वापस ले लिया। उन्हें लगा कि इससे शाह रुख और फराह खान में जिम्मेदारी की भावना पैदा होने से रही।