Manoj Kumar Death: मनोज कुमार के निधन से शोक में बॉलीवुड, सिनेमा को दिखाई देशप्रेम की राह

Akshay Kumar, Sunny Deol pay tribute to Manoj Kumar. Photo- X

मुंबई। Manoj Kumar Death: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। अभिनेता और फिल्ममेकर उनके योगदान को याद करके भावुक हो रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

मनोज कुमार ने अपने सिनेमा से इंडस्ट्री को दिशा देने का काम किया। उनकी फिल्मों की प्रासंगिकता हर दौर में महसूस की जा सकती है। कई पीढ़ियों को उन्होंने प्रभावित किया। जब-जब समाज के लिए सिनेमा की जिम्मेदारी की बात उठेगी, मनोज कुमार का नाम सबसे पहले लिया जाएगा।

सिनेमा से दिया देशप्रेम का संदेश

सनी देओल ने एक्स पर दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- मनोज कुमार साहब ने हमें ऐसे किरदार दिये, जिनमें नायकत्व तो था ही, वो इंसानियत से भी भरे हुए थे। उनकी फिल्मों में देश और यहां के लोगों के लिए प्यार छलकता था। सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति। एक युग का अंत।

यह भी पढ़ें: Manoj Kumar Death: ग्लैमर से भरी फिल्म इंडस्ट्री में ‘भारत’ का ‘मिडिल क्लास’ चेहरा, पढ़िए- कैसे बने ‘मनोज कुमार’?

आमिर खान ने मनोज कुमार को याद करते हुए जारी संदेश में कहा-

”मनोज कुमार महज अभिनेता और फिल्ममेकर नहीं, बल्कि पूरा संस्थान थे। उनकी फिल्में देखकर मैंने कितना कुछ सीखा। उनकी फिल्में प्राय: अहम सामाजिक मुद्दों पर आधारित थीं, जिसकी वजह से आम आदमी उनके करीब आ गया। उनके परिवार को मेरी दिली संवेदनाएं।”

अक्षय कुमार ऐसे अभिनेता हैं, जो इस वक्त मनोज कुमार की दिखाई राह पर चल रहे हैं। दिग्गज अभिनेता को याद करते हुए खिलाड़ी ने एक्स पर लिखा- देश के लिए प्यार और गर्व से बड़ी कोई दूसरी भावना नहीं हो सकती, उनसे यह सीखते हुए मैं बड़ा हुआ।

अगर हम कलाकार ही इस भावना को आगे लेकर नहीं चलेंगे, तो कौन चलेगा? बेहद शानदार व्यक्ति और फिल्म समुदाय की सबसे बड़ी पूंजियों में एक। श्रद्धांजलि मनोज सर। ओम शांति।

सलमान खान ने मनोज कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- मनोज कुमार जी। एक सच्चे लीजेंड। कभी ना भुलाई जाने वाली फिल्मों और यादों के लिए शुक्रिया।

मनोज बाजपेयी ने लिखा कि मनोज साहब को अलविदा कहने के साथ हमने हिंदी सिनेमा के एक स्तम्भ को खो दिया है। उनकी कला ने जिस तरह भारत की आत्मा को पेश किया, कोई दूसरा नहीं कर सका। उनके परिवार और असंख्य चाहने वालों को गहरी संदेवनाएं।

बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए दिल्ली में हैं। एक्ट्रेस ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी।

होम्योपैथी में रही दिलचस्पी

फिल्ममेकर हंसल मेहता ने मनोज कुमार की धुंधली यादों को साझा करते हुए लिखा- मनोज कुमार मेरे दादा जी के पेशेंट हुआ करते थे और उन्हें क्लीनिक पर देखने की कुछ धुंधली यादें हैं। बाद में, अशोक कुमार की तरह उन्होंने होम्योपैथी की प्रैक्टिस शुरू कर दी थी।

जब एक बार मैं उनसे मिला तो उन्होंने गर्मजोशी के साथ कहा- डॉक्टर साहब का पोता डायरेक्टर बन गया और देखो में डॉक्टर बन गया। अच्छे से रहिए सर।

रणदीप हुड्डा ने उन्हें याद करते हुए लिखा- देश से हमें प्यार करने वाले शख्स के निधन से दुखी हूं। मनोज कुमार साहब एक सच्चे प्रतीक, दूरदर्शी और देशभक्ति के सिनेमा के प्रकाशपुंज थे। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

पूनम ढिल्लों ने कहा कि मनोज कुमार की फिल्में खूबसूरत हुआ करती थीं, जिन्हें पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता थ। ये फिल्में आज भी प्रेरित करती हैं।

अनुपम खेर ने वीडियो शेयर करके मनोज कुमार से मुलाकातों का याद किया। अनुपम ने बताया कि चार-छह महीने पहले ही वो उनसे मिले थे। तस्वीर भी ली, मगर मनोज कुमार ने कहीं पोस्ट करने से इनकार कर दिया था।

मनोज कुमार ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने आम आदमी को गहराई तक प्रभावित किया। अपनी फिल्मों के जरिए वो देश के आखिरी आदमी तक पहुंचे। एक पीढ़ी उनके रूमानी अंदाज की कायल रही तो अगली पीढ़ी ने उन्हें देश के लिए प्यार करते हुए देखा।

यही वजह है कि उनके निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है और सिनेमा के जरिए छोड़ी गई उनकी विरासत को याद करते हुए सराह रहा है।

सुबह हुआ निधन

मनोज कुमार का निधन शुक्रवार सुबह कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल में हो गया। पिछले कुछ समय से उनकी स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मनोज के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने सुकून के साथ इस दुनिया को अलविदा कहा।

वेटरन एक्टर का अंतिम संंस्कार शनिवार को मुंबई में किया जाएगा। मनोज कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके साथ अपनी तस्वीरें शेयर करके श्रद्धांजलि अर्पित की।