Zohra Jabeen Song: ‘सिकंदर’ का ईद स्पेशल गाना रिलीज, काले पठानी सूट में ‘जोहरा जबीं’ रश्मिका संग थिरके सलमान

मुंबई। Zohra Jabeen Song: सलमान खान की फिल्म सिकंदर का उनके फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जैसे-जैसे ईद करीब आती जा रही है, फैंस का इंतजार बेसब्र हो रहा है। कुछ दिन पहले फिल्म का दूसरा टीजर रिलीज किया गया था, अब सिकंदर का पहला गाना जोहरा जबीं जारी कर दिया गया है।

ईद के मिजाज में डूबा जोहरा जबीं

जोहरा जबीं ईद स्पेशल गाना है, जिसमें इस त्योहार के मिजाज को कैप्चर किया गया है। गाने में सलमान और रश्मिका काले लिबास में थिरक रहे हैं। सलमान ने काले रंग का पठानी सूट पहना है, जिस पर एम्ब्रोयडरी की गई है। सलमान का लुक ईद के त्योहार को कॉम्प्लीमेंट कर रहा है।

संगीत प्रीतम ने दिया है। जोहरा जबीं गाने में रैप का इस्तेमाल भी किया गया है। गाने को नकश, देव और मैलो-डी ने आवाज दी है। बोल समीर और दानिश साबरी ने लिखे हैं। रैप वाले हिस्से को मैलो-डी ने ही लिखा है।

यह भी पढ़ें: March Movies In Cinemas: ‘छावा’ ने सम्भाला फरवरी, अब ‘द डिप्लोमैट’ और ‘सिकंदर’ के हवाले मार्च?

मार्च में रिलीज होगी फिल्म

यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे एआर मुरुगदास ने निर्देशित किया है। फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। मुरुगदास के साथ सलमान की यह पहली फिल्म है।

सिकंदर में सलमान और रश्मिका के साथ पी सत्यराज भी हैं, जो विलेन के किरदार में दिखेंगे। शाह रुख खान की चेन्नई एक्सप्रेस के बाद सत्यराज की यह तीसरी हिंदी फिल्म है। इससे पहले वो मुंज्या में एक कॉमिक किरदार में नजर आये थे।

सिकंदर मार्च में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। हालांकि, इसकी तारीख अभी तक मेकर्स ने जारी नहीं की है। सम्भवत: ट्रेलर में तारीख का खुलासा किया जाएगा।

27 फरवरी को फिल्म का दूसरा टीजर जारी किया गया था, जिसमें सलमान के एक्शन की झलक दिखाई गई थी। टीजर से पता चलता है कि सिकंदर में सलमान खान भ्रष्ट राजनीति से टकराते नजर आएंगे।

अगर सिंघम अगेन और बेबी जॉन में सलमान खान के कैमियोज को छोड़ दें तो वो लगभग डेढ़ साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। सलमान और ईद का कॉम्बिनेशन होने की वजह से इस फिल्म से ट्रेड को भी काफी उम्मीदें हैं। खासकर, पठान, जवान, स्त्री 2, पुष्पा 2 और अब छावा की बड़ी कामयाबी के बाद लोगों को उम्मीद है कि सिकंदर भी उसी लीग में शामिल होगी।