मुंबई। Sikandar Teaser: सलमान खान के फैंस बड़े पर्दे पर उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं, जो ईद पर सिकंदर के साथ खत्म होगा। फिल्म का टीजर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया और इसी के साथ सिकंदर के प्रमोशंस का सिलसिला शुरू हो गया है।
डायलॉगबाजी और एक्शन से भरपूर टीजर
एक मिनट 21 सेकंड के टीजर (Sikandar Teaser) में सलमान एक बार फिर अपनी पुरानी फॉर्म में लौटते दिखाई दे रहे हैं। जमकर एक्शन और डायलॉगबाजी। टीजर की शुरुआत में सलमान की आवाज आती है- दादी ने नाम सिकंदर रखा था, दादा ने संजय और प्रजा ने राजा साहब।
फिल्म का विलेन कहता है कि खुद को बहुत बड़ा सिकंदर समझता है, इंसाफ करेगा तू। सलमान डायलॉग मारते हैं कि इंसाफ नहीं, साफ करने आया हूं। कायदे में रहो, फायदे में रहोगे, श्मशान में रहो या कब्रिस्तान में रहो।
यह भी पढ़ें: Bollywood Snippet 26 February: ‘द भूतनी’ की रिलीज डेट आउट, शुरू हुई ‘क्रेजी’ की एडवांस बुकिंग
आगे चलकर एक और लाइन बोलते हैं- इतनी तो पॉपुलैरिटी है, आईपीएस का एग्जाम देकर पुलिस बन जाऊंगा और बिना कोई एग्जाम दिये नेता। विकास करने पर मजबूर मत कर बेटा।
इन्हीं भारी-भरकम लाइनों के बीच सलमान के एक्शन के दृश्य आते रहते हैं। हालांकि, इन लाइनों और एक्शन के बीच कोई तालमेल नहीं दिखता। बीच में एक दृश्य में फिल्म के विलेन पी सत्यराज (कटप्पा) आते हैं। रश्मिका मंदाना भी एक दृश्य में झलक दिखाती हैं।
सलमान खान पर सारा फोकस
टीजर पूरी तरह सलमान के किरदार सिकंदर को हाइलाइट करने वाला बनाया गया है। सिकंदर का टीजर नया कुछ पेश नहीं करता। बातों और लातों के पंच ही नजर आते हैं। कहानी राजनीतिक भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की लगती है।
सलमान की संवाद अदायगी दबी-दबी है। उनकी बात सुनने के लिए फुल वॉल्यूम करके ध्यान लगाना पड़ता है, तब लाइन के अंतिम शब्द समझ में आते हैं। बहरहाल, अब इंतजार ट्रेलर का है। उसके बाद सिकंदर की असली धमक पता चलेगी।
2 साल बाद सलमान की वापसी
2023 की फिल्म टाइगर 3 के बाद सलमान दो साल बाद पर्दे पर लौट रहे हैं। जाहिर की उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह है। ईद पर सलमान खान की फिल्में देखने का अलग ही क्रेज होता है। बॉक्स ऑफिस पर सलमान की पिछली कुछ फिल्में उम्मीद के मुताबिक नहीं चली हैं।
सिकंदर की सफलता को अब पुष्पा 2 के बेंचमार्क से नापा जाएगा। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को उम्मीद रहेगी कि सिकंदर बनकर सलमान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस के सुल्तान साबित होंगे।
सिकंदर का निर्देशन एआर मुरुगदास ने किया है। सलमान के साथ उनकी पहली फिल्म है। निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं।