Chhaava Box Office Day 7: पहले हफ्ते में 200 करोड़ के पार छावा, विक्की कौशल की सबसे बड़ी कामयाबी

Chhaava box office collection day 7. Photo- Instagram

मुंबई। Chhaava Box Office Day 7: विक्की कौशल अभिनीत छावा ने लोगों के दिल जीतने के साथ बॉक्स ऑफिस पर विजय का तिलक लगाया है। मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस कामयाबी के इंतजार को खत्म करते हुए रिलीज के पहले हफ्ते में दोहरा शतक लगाया है।

छावा 2025 की पहली फिल्म है, जिसने 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म मजबूती के साथ सिनेमाघरों में चल रही और एक बड़ा कलेक्शन करने की उम्मीद बनी हुई है।

पहले हफ्ते में 225 करोड़ का कलेक्शन

14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई छावा ने 33.10 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। यह ना सिर्फ विक्की कौशल, बल्कि 2025 की भी सबसे बड़ी ओपनिंग है। इसके बाद शनिवार को फिल्म ने 39.30 करोड़ और रविवार को 49.03 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया।

ओपनिंग वीकेंड में ही छावा ने 100 करोड़ का पड़ाव सफलता के साथ पूरा कर लिया था। मगर, कामयाबी का यह सिलसिला वर्किंग वीक में भी जारी रहा और पहले सोमवार को फिल्म ने 24.10 करोड़ जुटा लिये। हफ्ते के बाकी दिनों में भी फिल्म का नेट कलेक्शंस 20 करोड़ से ऊपर रहे।

यह भी पढ़ें: Chhaava Box Office Collection Day 3: छा गया छावा! विक्की कौशल की फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में जड़ा शतक

मंगलवार को छावा ने 25.75 करोड़ नेट कलेक्शन किया। बुधवार (19 फरवरी) को शिवाजी जयंती की छुट्टी पर फिल्म के कलेक्शंस ने फिर रफ्तार पकड़ी और 32.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। रिलीज के सातवें दिन गुरुवार को छावा ने 21.60 करोड़ के नेट कलेक्शन के साथ पहले हफ्ते में 225.28 करोड़ का नेट कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कर लिया।

मुंबई-पुणे में छावा का क्रेज

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, पहले सात दिनों में पुणे में छावा की ऑक्युपेंसी (सिनेमाघरों में बुक सीटें) 70 फीसदी से अधिक रही, जबकि मुंबई में 50 फीसदी से ज्यादा रही। अन्य हिंदीभाषी राज्यों में भी फिल्म काफी देखी जा रही है।

दो राज्यों में टैक्स फ्री हुई छावा

छावा के विषय और जनता के रिस्पॉन्स को देखते हुए फिल्म पहले हफ्ते में दो राज्यों मध्य प्रदेश और गोवा में टैक्स फ्री कर दी गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म मुंबई और पुणे में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है, जहां इसने मराठी दर्शकों की नब्ज को छुआ है।

लक्ष्मण उटेकर निर्देशित छावा का का निर्माण मैडॉक फिल्म्स ने किया है। सम्भाजी महाराज और मुगलशासक औरंगजेब के बीच जंग की इस कहानी में विक्की सम्भाजी के किरदार में हैं, जबकि अक्षय खन्ना ने औरगंजेब का रोल निभाया है। रश्मिका मंदाना ने सम्भाजी की पत्नी का किरदार प्ले किया है। अन्य कलाकारों में विनीत कुमार सिंह, डायना पेंटी और आशुतोष राणा शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: February Releases: जनवरी में ठंडा रहा बॉक्स ऑफिस, क्या इन फिल्मों से फरवरी में बढ़ेगा तापमान?