मुंबई। Ranveer Allahabadia: सुप्रीम कोर्ट से रणवीर इलाहाबादिया को बड़ी राहत मिली है। उच्चतम न्यायालय ने समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट में अश्लील कमेंट करने के मामले में रणवीर को अपना पॉडकास्ट शुरू करने की इजाजत दे दी है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान अगले आदेश तक शो पर रोक लगा दी थी।
रणवीर के वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने न्यायाधीश सूर्यकांत और एनके सिंह की बेंच के समक्ष निवेदन किया कि रणवीर का शो बंद होने के कारण उसके 280 कर्मचारियों की जीविका पर असर पड़ रहा है।
इसका संज्ञान लेते हुए बेंच ने रणवीर इलाहाबादिया को शो शुरू करने की इजाजत इस हिदायत के साथ दी है कि पॉडकास्ट में कुछ भी ऐसा नहीं दिखाएंगे, जो नैतिकता और गरिमा के खिलाफ हो।
गिरफ्तारी पर पहले ही लग चुकी है रोक
स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट के एक एपिसोड में माता-पिता के निजी लम्हों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रणवीर के खिलाफ मुंबई, गुवाहाटी और जयपुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई हैं। इनके खिलाफ रणवीर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी।
पिछली सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने यू-ट्यूबर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। साथ ही, अब तक दर्ज हुए मामलों के अलावा नये केस दर्ज करने पर भी रोक लगाई दी थी।
रणवीर इलाहाबादिया को अपना पासपोर्ट पुलिस के पास जमा करवाने के लिए कहा गया था। अदालत की अनुमति के बिना वो देश नहीं छोड़ सकते। रणवीर को जांच जारी रहने तक नये शोज करने पर भी रोक लगा दी थी।
यह भी पढ़ें: Ranveer Allahabadia: चौतरफा घिरे यू-ट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, मुंबई-दिल्ली के बाद गुवाहाटी में FIR
सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर को लगाई फटकार
न्यायालय ने स्टैंड अप कॉमेडी शो में उनके अश्लील कमेंट को लेकर जमकर लताड़ भी लगाई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान रणवीर के वकील से पूछा कि वो बताएं, अश्लीलता और फूहड़ता के मानक क्या होते हैं। बेंच ने इस दौरान रणवीर के कमेंट की निंदा करते हुए कहा- जिन शब्दों का आपने चुनाव किया, आपके माता-पिता भी उन पर शर्मिंदा होंगे। पूरा समाज शर्मिंदा होगा।
यह आपके और आपके साथियों की चरित्रहीनता का स्तर है। कानून और सिस्टम का पालन करना ही होगा। उसने अपने माता-पिता के साथ क्या किया, इस पर शर्मंदा होना चाहिए। हम कोई दूसरी दुनिया में नहीं रहते। हमें पता है कि उसने ऑस्ट्रेलियन शो के कंटेंट को कॉपी किया था। ऐसे शोज में एक चेतावनी भी रहती है।